पॉलिटिकलहेडलाइन

CG POLITICS : BJP के पूर्व मंत्री का विरोध- चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता हुए आमने-सामने, झूमाझटकी के बाद बढ़ा तनाव….

बस्तर 6 नवंबर 2023। छत्तीसगढ़ के बस्तर में पहले चरण के मतदान से ठीक पहले कांग्रेस और बीजेपी के बीच तनाव की खबरे सामने आ रही है। यहां चुनाव प्रचार करने पहुंचे बीजेपी के पूर्व मंत्री और बीजेपी के प्रत्याशी महेश गागड़ा का विरोध कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांव में प्रचार का विरोध किया। विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री का नाम लेकर वापस जाओं के नारे लगाते हुए जमकर झूमाझटकी की।

छत्तीसगढ़ में पहले चरण के चुनाव में अब महज कुछ घंटों को ही वक्त बचा हुआ है। ऐेसे में चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रत्याशी डोर टू डोर कैंपेनिंग कर रहे है। लेकिन बस्तर के बीजापुर विधानसभा में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ता आमने-सामने हो गये। बताया जा रहा है कि चुनाव प्रचार के दौरान विवाद और फिर झूमाझटकी की ये पूरा घटनाक्रम रविवार का है।

बताया जा रहा है कि बीजापुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी महेश गागड़ा चुनाव प्रचार के दौरान मिरतुर गांव पहुंचे थे। यहां पहले से ही कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने प्रत्याशी विक्रम मंडावी के प्रचार के लिए मौजूद थे। दोनों पार्टी के कार्यकर्ता जब आमने सामने हुए,तब एक दूसरे पर टीका-टिप्पणी करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद मामला और गरमाया। फिर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के विरोध में नारे लगाना शुरू कर दिया।

कांग्रेसियों के इस विरोध को देखकर महेश गागड़ा भी आक्रोशित हो गये। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई जैसी स्थिति निर्मित हो गई थी। लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षा में तैनात जवानों ने बीच-बचाव कर किसी तरह से मामले को शांत करवाया। कुछ देर बाद महेश गागड़ा अपने कार्यकर्ताओं के साथ गांव से वापस लौट गये। उधर इस पूरे घटनाक्रम का स्थानीय ग्रामीणों ने विडियों बना लिया, जो कि अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।

Back to top button