हेडलाइन

CM भूपेश हुए भावुक: महेंद्र कर्मा को याद करते हुए आंखों में आये आंसू, रूंधे गले से बोले..

जगदलपुर 2 जून 2023। कांग्रेस ने चुनावी शंखनाद कर दिया है। आज कांग्रेस बस्तर में कार्यकर्ता सम्मेलन कर रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रभारी कुमारी शैलजा, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम सहित तमाम दिग्गजों की मौजूदगी में आज कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रो पड़े। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जैसे ही संबोधन के लिए आये। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने नारे लगाने शुरू कर दिये। मुख्यमंत्री ने जैसे ही अपने संबोधन में स्व महेंद्र कर्मा का जिक्र किया, कार्यकर्ताओं ने महेंद्र कर्मा अमर रहे के नारे लगाने लगे। मुख्यमंत्री इस दौरान महेंद्र कर्मा को याद करते हुए भावुक हो गये। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि उनके साथ महेंद्र कर्मा के बेहद आत्मीय रिश्ते रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कभी वो दंतेवाड़ा जाते थे, तो ज्यादा वक्त तक रूकने नहीं देते थे, शाम होने से पहले ही जाने को कहते थे, क्योंकि वो ऐसे जगह पर रहते थे, जहां हमेशा नक्सलियों का खतरा था। उन्हें उनकी जान की चिंता होती थी। कई बार तो परिवार के लोगों तक से मिलने का वक्त नहीं होता था, नक्सल प्रभावित इलाकों में रहते हुए भी उन्होंने कांग्रेस की सेवा की। उस वक्त के डर के माहौल का भी मुख्यमंत्री ने जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज परिस्थितियां काफी बदल गयी है। लेकिन उस वक्त सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बहुत परेशान करती थी। उनके साथ दुर्व्यवहार करती थी। इतना बोलते-बोलते मुख्यमंत्री भूपेश बघेल फफक पड़े.. उन्होंने आंसू पोछना शुरू किया, तो कार्यकर्ताओं ने महेंद्र कर्मा को लेकर नारेज लगाने शुरू कर दिये।

कांग्रेस के संभागीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं को न केवल कार्यकर्ताओं में जोश भरा, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई मामलों में केंद्र की मोदी सरकार को घेरा। प्रदेश प्रभारी शैलजा ने एलपीजी, पेट्रोल सहित उज्जवला जैसी केंद्र की योजना को लेकर कटाक्ष किया और कहा कि केंद्र के लोग योजनाओं के केवल नाम अच्छे रखते हैं, मैदानी स्तर पर इन योजनाओं का क्रियान्वयन बिल्कुल भी नहीं होता। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते कहा कि एक बार फिर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बस्तर बदल रहा है। बस्तर के लोगों को राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है और इस बात की चर्चा अब पूरे देश में हो रही है। उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार प्रदर्शित करते उम्मीद जताई कि एक बार फिर प्राण प्राण से कांग्रेसी राज्य में होने वाले चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने कमर कसकर तैयार हो जाएंगे।

Back to top button