कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस: मुख्यमंत्री बोले, कुछ घटनाओं ने राजधानी की छवि धूमिल की है, इस पर रोक लगायें, जमीन कब्जा और नशे पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश

रायपुर 13 सितंबर 2024। कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश में कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव के बाद मुख्यमंत्री ने रायपुर रेंज की पुलिस व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर रेंज पुलिस को नशे और रात्रि गश्त को लेकर सख्त निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर प्रदेश की राजधानी है, यहां की पुलिसिंग बेस्ट हो ये बहुत ज़रूरी है। रायपुर में पिछली कुछ घटनाओं से राजधानी की छवि धूमिल हुई है। इस पर नियंत्रण जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने एसपी को रायपुर में भूमाफियों द्वारा शासकीय और आम लोगों की जमीन पर कब्जा करने की शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व और पुलिस मिलकर इसपर नियंत्रण करें। राजधानी में रात में गश्त बहुत जरूरी है। साथ ही मुख्यमंत्री ने नशीली दवाइयों की बिक्री पर रोक लगाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नशीली दवाईयों के इकोसिस्टम को तोड़िए और अपराध के जड़ में जाइए।

नशे के खिलाफ स्कूल कॉलेज में अभियान चलाकर जागरूकता लाने की जरूरत है। रायपुर में पुलिस पेट्रोलिंग बराबर हो और संगठित अपराध पे लगातार कार्रवाई होनी चाहिए।  सभी जिलों की पुलिस योजना बनाकर कार्रवाई करें ताकि अपराध और अपराधियों पे लगाम लगे।

सुबह उठने के बाद उल्टी की टेंडेंसी को ना करें नजरअंदाज, इन बीमारियों के हो सकते हैं लक्षण
NW News