पॉलिटिकल

दबंग नेताजी की विधायकी खत्म, विधानसभा ने सदस्या रद्य करने अधिसूचना की जारी, मचा हड़कंप

बिहार 15 जुलाई 2022 । बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह की विधायकी चली गई है। बिहार विधानसभा ने उनकी सदस्यता रद्द करने की अधिसूचना जारी कर दी है। बता दे कि आरजेडी से बाहुबली विधायक अनंत सिंह के घर से छापामार कारवाई में बरामद एके 47 केस में 10 साल की जेल की सजा हुई थी।

बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई है। बिहार विधानसभा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। गौरतलब है कि अनंत सिंह को पिछले महीने पटना की एमपी एमएल कोर्ट ने आर्म्स एक्ट में दोषी करार देते हुए 10 साल की जेल की सजा सुनाई थी। उनके पैतृक आवास से पुलिस ने एके 47, हैंड ग्रेनेड समेत कई हथियार और कारतूस बरामद किए थे।

अदालत से सजा मिलने के बाद से उनकी विधायकी जाने के कयास लगाए जा रहे थे। अनंत सिंह अभी पटना की बेऊर जेल में बंद हैं। एमपी एमएलए कोर्ट की विशेष अदालत ने गुरुवार को एक और आर्म्स एक्ट के मामले में अनंत सिंह को दोषी करार दिया। कोर्ट ने इस आपराधिक मामले में सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 21 जुलाई को अगली तारीख तय की है। आर्म्स एक्ट का यह आपराधिक मामला वर्ष 2015 का है।

2015 में अनंत सिंह के पटना स्थित सरकारी आवास से छापेमारी में इंसास राइफल की 6 मैगजीन और एक बुलेट प्रूफ जैकेट बरामद हुआ था। इस मामले में उनके खिलाफ 9 गवाह पेश किए। इस केस में सजा पर बहस 21 जुलाई को होगी। वहीं 2019 में पटना पुलिस ने सूचना के आधार विधायक अनंत कुमार सिंह के पैतृक आवास बाढ़ थाना के लदवां गांव में 16 अगस्त 2019 को छापामारी की थी। छापामारी में विधायक के पुश्तौनी घर से प्रतिबंधित हथियार एके.47, 33 जिंदा कारतूस और दो ग्रेनेड बरामद हुए थे। इस मामले में कोर्ट अनंत सिंह को 10 साल की सजा सुना चुका है।

Back to top button