पॉलिटिकलहेडलाइन

मंत्रियों में विभाग का बंटवारा! : तीन मंत्रियों के विभागों में हो सकता है बदलाव, मरकाम को शिक्षा व सहकारिता, घट सकते हैं चौबे के विभाग

रायपुर 14 जुलाई 2023। मोहन मरकाम ने शपथ ले लिया है। फिलहाल वो बिना विभाग के मंत्री है, लेकिन देर शाम तक उनका पोर्थफोलियो जारी कर दिया जायेगा। जानकारी के मुताबिक मंत्रियों के विभागों की लिस्ट अनुमोदन के लिए राजभवन भेज दी गयी है। राजभवन के अनुमोदन के बाद लिस्ट जारी हो जायेगी। चर्चा है कि मोहन मरकाम के साथ-साथ कुछ अन्य मंत्रियों का विभाग भी बदल सकता है।

इधर लिस्ट को लेकर चर्चा यही है कि उन्हें मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम का विभाग दिया जा सकता है। कुल मिलाकर मरकाम के खाते में शिक्षा विभाग और अनुसूचित जाति/जनजाति विभाग आ सकता है। हालांकि कल ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस बात के संकेत दिये थे, कि मंत्रियों के विभाग में कुछ फेरबदल किया जा सकता है। तीन मंत्रियों के भी विभाग बदले जाने की अटकलें हैं। वहीं उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को और कुछ बड़े विभाग दिये जा सकते हैं।

इधर राजभवन में मोहन मरकाम के शपथ ग्रहण के बाद सीएम हाउस में मंत्रियों की एक बैठक रखी गई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बैठक ली, जिसमें मंत्री रविन्द्र चौबे, मंत्री ताम्रध्वज साहू, मोहम्मद अकबर, गुरु रूद्रकुमार, शिव डहरिया और कवासी लखमा मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि विभागों के फेरबदल को लेकर मुख्य रूप से चर्चा हुई है। मोहन चर्चाओं के मुताबिक मरकाम को स्कूल शिक्षा विभाग के साथ सहकारिता विभाग भी दिया जा सकता है। रविन्द्र चौबे का स्वास्थ्य अच्छा नहीं है, लिहाजा उनके विभाग का बोझ कम किया जा सकता है। ताम्रध्वज साहू को कृषि विभाग की जिम्मेदारी दी जा सकती है। टीएस सिंहदेव को भी किसी नए विभाग की जिम्मेदारी दी जाए।

Back to top button