क्राइमटॉप स्टोरीज़

झारखंड : रांची में CPM नेता की दफ्तर में घुसकर गोली मारकर हत्या, इलाके में तनाव-देखें वीडियो

रांची में सीपीएम नेता सुभाष मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बेखौफ अपराधियों ने मुंडा के ऑफिस में घुसकर गोली मार दी। जानकारी के मुताबिक ये वारदात राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के दलादली चौक में हुई। जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने सुभाष मुंडा को ऑफिस में घुसकर सरेआम सात गोलियां मारीं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। वारदात के बाद लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पूरा दलादली चौक को जाम कर दिया और हंगामा मचाया। बता दें कि सुभाष मुंडा हटिया और मांडर से विधानसभा प्रत्याशी रह चुके हैं।

इस घटना के सामने आने के बाद प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार और पुलिस पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘एक तरफ एक्सीडेंटल राजकुमार कानून व्यवस्था को बहाल करने के लिए पुलिस के अधिकारियों को चेतावनी दे रहे हैं और दूसरी ओर राजधानी रांची के अति व्यस्त इलाके दलादली चौक में अपराधी कम्युनिस्ट पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ चुके सुभाष मुंडा की सरे आम गोली मारकर हत्या कर देते हैं। झारखंड बीजेपी अध्यक्ष ने आगे लिखा, यही है राजधानी रांची और पूरे झारखंड की कानून व्यवस्था की असलियत। जब तक घूसखोर पुलिस पदाधिकारियों को हटाकर तेजतर्रार अफसरों की नियुक्ति नहीं होगी तब तक विधि व्यवस्था सुधरेगी नहीं। जब पुलिस का ध्यान अवैध खनन और राजनीतिक आकाओं के ग़लत और पूर्वाग्रह पूर्ण हुक्म की तामील करने में होगा तो विधि व्यवस्था की कौन पूछता है?


मांडर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके थे सुभाष मुंडा
सीपीआइ नेता सुभाष मुंडा हटिया व मांडर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके थे। पिछले विधानसभा चुनाव में मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, गंगोत्री कुजूर के बाद वह तीसरे नंबर पर थे। वर्तमान में वह मांडर विधानसभा क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाने में जुटे थे। इसके साथ ही, सुभाष मुंडा एक समाजसेवी और नेतृत्वकर्ता थे। जिन्होंने लोगों के समृद्धि और समाज में सुधार के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया था।

ऑफिस में घुसकर अपराधियों ने मारी गोली
बताया जा रहा है कि, सुभाष मुंडा के ऑफिस में घुसकर अपराधियों ने उन पर गोली चलायी। उस दौरान दलादली चौक के पास कार्यालय में दो अन्य लोग भी बैठे हुए थे। दोनों लोगों ने पुलिस को बताया कि माकपा नेता की हत्या करने पहुंचे चारों अपराधियों के हाथ में पिस्टल था। उन्होंने लगातार सात राउंड फायरिंग की। गंभीर हालत में माकपा नेता को रांची स्थित राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हालांकि, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है और कार्यालय और अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Back to top button