बिग ब्रेकिंग

शिक्षा विभाग में नौकरी घोटाला : दो कर्मचारी बर्खास्त, FIR भी होगी दर्ज.. विधानसभा में किरकिरी के बाद विभाग का एक्शन

जशपुर 25 मार्च 2023। जशपुर में फर्जीवाड़ा कर अनुकंपा नियुक्ति लेने वाले दो कर्मचारी बर्खास्त कर दिये गये हैं। जशपुर डीईओ ने बर्खास्तगी का आदेश जारी करने के साथ-साथ मामले में FIR के लिए भी पुलिस को पत्र लिखा है। आरोप है कि झूठा शपथ पत्र लेकर दोनों ने अनुकंपा नियुक्ति पायी थी। पजानकारी के अनुसार ब्लाक के ग्राम सिटोंगा में पदस्थ सहायक ग्रेड 3 बैजनाथ राम का 6 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। मृतक के आश्रित स्वजनों द्वारा अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए 4 फरवरी 2022 को सहायक ग्रेड 3 के पद पर उनके छोटे बेटे प्रेमकुमार राम को जशपुर ब्लाक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भूडकेला में पदस्थ किया गया था।

इसी तरह मनोरा ब्लाक के बहेरना के हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ देवचरण राम का लंबी बीमारी के बाद 7 दिसंबर 2022 को निधन हो गया था। इस प्रकरण में भी शिक्षा विभाग ने मृत शासकीय सेवक देवचरण राम के बेटे दुर्गेश नायक को सहायक ग्रेड 3 के पद पर कुनकुरी ब्लाक के बंदरचुवां हाईस्कूल में नियुक्ति दी गई थी। इन दोनों ही अनुकंपा नियुक्तियों में गड़बड़ी का मामला विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जोर शोर से उठा था।

आपको बता दें कि प्रेमकुमार की अनुकंपा नियुक्ति के मामले को भाजपा के विधायक अजय चंद्राकर ने और दुर्गेश नायक के मामले को बृजमोहन अग्रवाल ने ध्यानाकर्षण के माध्यम से उठाया था। विधानसभा में मामला उठते ही शिक्षा विभाग ने प्रेमकुमार और दुर्गेश नायक को बर्खास्त कर दिया है। जिला शिक्षाधिकारी जेके प्रसाद ने बताया कि मामला सामने आते ही अनुकंपा नियुक्ति के लिए गठित जांच समिति की बैठक बुलाकर मामला की जांच के बाद बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है।

Back to top button