क्राइमहेडलाइन

जज के रिश्तेदार से 20 लाख की ठगी, छत्तीसगढ़ पुलिस ने झारखंड से दो शातिरों को किया गिरफ्तार

रायपुर 25 अप्रैल 2023। छत्तीसगढ़ के जज के परिजनों से 20 लाख की ठगी मामले में पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। दो साइबर अपराधियों को छत्तीसगढ़ की पुलिस ने झारखंड के गिरिडीह से गिरफ्तार किया है। इन साइबर अपराधियों के गिरोह ने छत्तीसगढ़ के एक सिविल जज के स्वजन से लगभग 20 लाख रुपये की ठगी की है। इस पूरे मामले में इन दोनों के अलावा 10 और लोगों का नाम सामने आए है।

पुलिस ने इस मामले में जांच करते हुए झारखंड के गिरोह का पता लगाया था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छत्तीसगढ़ पुलिस झारखंड के गिरिडीह पहुंची। छत्तीसगढ़ से तीन सदस्यीय पुलिस की टीम गिरिडीह जिले के फुलची और टुंडी के मनियाडीह थाना क्षेत्र के विशनाटांड़ गांव में छापेमारी की। स्थानीय पुलिस की मदद से गिरिडीह के फुलची गांव से अजय मंडल नामक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तार आरोपी को लेकर मंगलवार को पुलिस टीम मनियाडीह के विशनाटांड़ गांव में पहुंची। इसके बाद अजय मंडल की निशानदेही पर साइबर अपराधी वीरेंद्र मंडल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद गांव की महिलाएं एकजुट होकर छत्तीसगढ़ पुलिस का विरोध करने लगी। महिलाएं वीरेंद्र मंडल को गिरफ्तार कर नहीं ले जाने देने पर अड़ी थीं। टुंडी थाना प्रभारी अनिल कुजुर के समझाने के बाद महिलाएं शांत हुईं। इसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस दोनों साइबर अपराधियों को ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ ले गई।

Back to top button