बिग ब्रेकिंग

छठ के आयोजन को लेकर महादेवघाट समिति ने शुरू की तैयारियां…. रियल्टी शो कलाकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम व झांकी रहेगी आकर्षण का केंद्र… उत्तर भारतीयों के साथ अन्य प्रदेशों के लोग भी होंगे आयोजन में शामिल

रायपुर 24 अक्टूबर 2021। लोक आस्था का महापर्व छठ इस बार भी राजधानी रायपुर में भव्य तरीके से मनाया जायेगा। महादेवघाट छठ महापर्व आयोजन समिति ने आज रायपुर में प्रेस कांफ्रेंस कर आयोजन की पूरी जानकारी दी। 8 नवंबर से 11 नवंबर तक आयोजित होने वाले छठ महापर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गयी है। समिति के संयोजक सुनील सिंह ने बताया कि इस बाद छठ व्रतियों की सुविधाओं के साथ-साथ कोरोना गाइडलाइन का बेहद की सख्ती से पालन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आयोजन में इस बार आकर्षण अंतर्राष्ट्रीय स्तर की झांकी होगी, जिसमें भव्यता, सौंदर्य के साथ-साथ छठ माता की महिमा का बखान होगा।

संयोजक सुनील सिंह के मुताबिक इस बार अस्तचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद 10 नवंबर को सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जायेगा, जिसमें भोजपुरी रियल्टी शो के विनर वीरेंद्र भारती और विशाल गगन अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे, वहीं छत्तीसगढ़ के कलाकार दीलिप षाड़ंगी, आरहू साहू सहित कई अन्य कालाकारों से भी प्रस्तुति के लिए संपर्क किया गया है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संयोजक संत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में स्वच्छता, सौदार्यता के साथ-साथ सुरक्षा का भी खास ख्याल रखा जायेगा। वहीं 10 नवंबर की शाम को महादीप दान का भी आयोजन किया जायेगा। वहीं बाहर से आये करीब 6000 से 10,000 हजार लोगों के लिए शुद्धता के साथ भंडारे की भी व्यवस्था की जायेगी।

आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए सत्य प्रकाश ने बताया कि आयोजन में पहली बार ना सिर्फ उत्तर भारतीय, बल्कि अन्य प्रदेशों के लोग भी सम्मिलत होंगे और छठ महापर्व मनायेंगे। उन्होंने बताया कि छठ महापर्व के अर्घ्य दान में सूबे के मुख्यमंत्री, मंत्री, महापौर और विधायक सहित अन्य गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। प्रेस कांफ्रेंस में रविंद्र सिंह, प्रमोद मिश्रा, परमा सिंह, रामकुमार सिंह, जयंत सिंह, अमित सिंह, सत्येंद्र गौतम, रामविलास सिंह, अजीत उपाध्याय, कन्हैया सिंह, हरीश शुक्ला, राजपुरोहित रंजीत बाबा सहित मुकुल श्रीवास्तव, एमएन पांडेय, संजय सिंह, अरूण झा, संतोष सिंह, सरोज सिंह, गौरीशंकर गुप्ता, बाबूल यादव, नानू ठाकुर सहित कई अन्य लोग मौजूद ते।

 

Back to top button