हेडलाइन

CG ब्रेकिंग: सरकारी खजाने में करोड़ों की सेंध : आनलाइन ट्रेडिंग के लिए सरकारी खाते से अपने खाते में किया करोड़ों रूपये ट्रांसफर,मामला जानेंगे तो हो जायेंगे हैरान

कोण्डागांव 2 सितंबर 2023। कोण्डागांव जिला से सरकारी खजाने में करोड़ों की सेंधमारी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मत्सय विभाग के सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी को आनलाइन ट्रेडिंग की ऐसी लत लगी कि उसने अपने ही विभाग के खाते से करीब सवा करोड़ रूपये अपने खाते में ट्रांसफर कर दांव पर लगा दिया। मामले का जब खुलासा हुआ तो विभाग में हड़कंप मच गया। आनन फानन में मामले की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराया गया। जिसके बाद अब पुलिस ने आरोपी सरकारी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक पूरा मामला कोण्डागांव थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सहायक संचालक मत्सय विभाग में संजय गढ़पाले सहायक ग्रेड.-2 के पद पर कार्यरत था। संजय गढ़पाले के पास ही सहायक संचालक मत्सय पालन कार्यालय नारायणपुर में भी अतिरिक्त प्रभार था। लिहाजा संजय गढ़पाले दोनो कार्यालय में अकाउंटेट का कार्य करता था। उसके द्वारा अपनी पदस्थापना के दौरान वर्ष 2022 से 2023 के बीच सहायक संचालक मत्सय पालन कोण्डागांव के शासकीय खाते से करीबन 43 लाख 74 हजार 794 रूपये और सहायक संचालन मत्सय पालन नारायणपुर के खाते से 81 लाख 84 हजार 200 रुपये अपने निजी खाते में ट्रांसफर किया गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी संजय गढ़पाले ने इस कूटरचना को अंजाम देने के लिए सहायक संचालक मत्सय पालन के शासकीय चेकों पर मानसिंग कमल का खुद ही फर्जी हस्ताक्षर कर अपनी निजी खातों में शासकीय राशि का अंतरण और आहरण कर गबन किया गया। करीब एक साल बाद जब दोनों जगह के विभागों में इतनी बड़ी राशि के आहरण की जानकारी सामने आयी, तो अधिकारियों के होश उड़ गये। मत्सय विभाग ने तत्काल इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गयी। जिसके बाद जांच टीम गठित कर इस मामले की जब जांच कराया गया, तब इस फर्जीवाड़ें का खुलासा हुआ।

इस पूरे मामले की शिकायत सहायक मत्सय अधिकारी योगेश देवांगन ने पुलिस में मामले की रिपोर्ट दर्ज करायी है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी आरोपी संजय गढ़पाले के खिलाफ थाना कोण्डागांव में धारा 409,420 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की गिरफ्त में आये आरोपी से पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ है कि आरोपी को ऑनलाईन ट्रेडिंग की लत थी। शार्ट-कर्ट में पैसा दुगना करने की लालच में उसने अपने ही विभाग के पैसें पहले अपने खाते में ट्रांसफर किये। इसके बाद उसने सारे पैसे ऑनलाईन ट्रेडिंग में लगाकर हार गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गबन की राशि नगदी 1 लाख रुपये, डेस्कटॉप कम्प्युटर, मोबाइल और पांच अलग-अलग बैंको का पासबुक जब्त किया है।

Back to top button