बिग ब्रेकिंग

यात्री कृपया ध्यान दे: फ्लाइट का सफर होगा महंगा, दोगुना हुआ किराया, इस दिन मिलेगी सबसे ज्यादा महंगी टिकट

 

नई दिल्ली 3 अक्टूबर 2021।दीपावली और महापर्व छठ पर घर लौटने वाले लोगों की संभावित भीड़ का असर हवाई जहाज के किराए में दिखने लगा है। नई दिल्ली और मुंबई का किराया छठ पर्व से पूर्व लगभग दोगुना हो गया है। इस बार दीपावली चार नवंबर और छठ 10 नवंबर को है। मुंबई और नई दिल्ली से दरभंगा का न्यूनतम किराया 4019 रुपये है, लेकिन छठ पर्व के पूर्व किराये में दो से तीन गुना तक बढ़ोतरी अभी से हो गई है।

स्पाइसजेट की वेबसाइट पर किराए की यह बढ़ोतरी दिखने लगी है। मुंबई से दरभंगा आने के लिए सात नवंबर को 12556 रुपये, आठ नवंबर को 11296 रुपये, नौ नवंबर को 10718 रुपये और 10 नवंबर को 11874 रुपये किराया लोगों को देना होगा।

वहीं महापर्व छठ से पूर्व नई दिल्ली से दरभंगा आने के लिए लोगों को दोगुनी से ज्यादा राशि खर्च करनी पड़ रही है। छह नवंबर को स्पाइसजेट का नई दिल्ली से दरभंगा का किराया 9633 रुपये है तो सात और आठ नवंबर को 10143 रुपये है। छठ के एक दिन पूर्व नौ नवंबर को किराया 10,039 रुपये है।

नौ अक्टूबर को सर्वाधिक किराया
अक्टूबर माह में नौ तारीख को मुंबई और नई दिल्ली का सर्वाधिक किराया है। स्पाइसजेट के विमान से नौ अक्टूबर को मुंबई से दरभंगा का किराया 18984 रुपये है तो नई दिल्ली का किराया 12094 रुपये। वहीं अक्टूबर में किसी खास दिन के सर्वाधिक किराए का जिक्र किया जाय तो मुंबई से दरभंगा का किराया 27 अक्टूबर को 8605 रुपये, 28 अक्टूबर को 13976 रुपये, 29 अक्टूबर को 16811 रुपये और 30 अक्टूबर को 18984 रुपये है।

एयरपोर्ट पर लगाई गई 50 अतिरिक्त कुर्सी
दरभंगा हवाई अड्डे पर एसएचए (यात्रियों के विश्राम वाले एरिया) का विस्तार करते हुए 50 अतिरिक्त कुर्सी लगाने की व्यवस्था कर दी गई है। एयरपोर्ट डायरेक्टर मनीष कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अब यात्रियों के बैठने की क्षमता 180 से बढ़कर 230 हो गई है। बता दें कि पूर्व में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर कुर्सी के अभाव में परेशानी होती थी। अब इसकी व्यवस्था होने से यात्रियों को सुविधा होगी।

Back to top button