ब्यूरोक्रेट्स

फोन टेप लीक मामला- CBI निदेशक सुबोध जायसवाल को मुम्बई पुलिस ने किया तलब !

 

 

मुंबई 9अक्टूबर 2021 – मुंबई पुलिस कमिश्नर ने फोन टैप के मामले के संबंध में सीबीआई निदेशक सुबोध जयसवाल को तलब किया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, मुंबई सायबर सेल ने सीबीआई के डायरेक्टर सुबोध जायसवाल को समन भेजा है। उन्हें 14 अक्टूबर को पूछताछ के लिए उपस्थित होने के लिए कहा गया है। मुंबई पुलिस ने सुबोध जायसवाल को महाराष्ट्र के खुफिया विभाग के तबादलों और पोस्टिंग का डेटा लीक होने के मामले में तलब किया है। पुलिस ने कहा है कि समन ई-मेल के जरिए भेजा गया है, जिसमें उन्हें अगले गुरुवार (14 अक्टूबर) को पेश होने के लिए कहा गया है।

जानिए क्या है मामला?

बता दें कि, जब सुबोध जायसवाल महाराष्ट्र के डीजी थे तब SID चीफ रश्मि शुक्ला ने ट्रांसफ़र पोस्टिंग से जुड़ी रिकॉर्डिंग की थी और एक रिपोर्ट भी तैयार की थी। जो कि विरोधी पक्ष के नेता देवेंद्र फडनवीस ने मीडिया के सामने सचिन वाजे की गिरफ्तारी के बाद सामने रखा था। उस समय रिपोर्ट के बारे में बताया गया था और रिपोर्ट भी लीक हुई थी। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की सायबर सेल ने अज्ञात शख्स के खिलाफ ओफिशीयल सीक्रेट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। बता दें कि, इस मामले की सुनवाई बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा की जा रही है।

ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट के तहत दर्ज हुआ है मामला

इस घटना के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने अज्ञात शख्स के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसी मामले को लेकर मुंबई की साइबर सेल जांच कर रही है। इस मामले में इससे पहले रश्मि शुक्ला का भी बयान दर्ज किया जा चुका है, अब पूरे मामले में सीबीआई निदेशक सुबोध कुमार जायसवाल को नोटिस भेजा गया है।

जानिए कौन है आईपीएस सुबोध जायसवाल

गौरतलब है कि, महाराष्ट्र कैडर के 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी सुबोध जायसवाल को इस साल मई में दो साल की अवधि के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) का प्रमुख नियुक्त किया गया था। जायसवाल मुंबई पुलिस में शीर्ष पद पर रहे हैं। बाद में इस साल की शुरुआत में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर बुलाए जाने से पहले वे महाराष्ट्र के पुलिस प्रमुख थे।

 

Back to top button