क्राइम

पुलिसकर्मी की कार ने रिक्शा को मारी टक्कर , ई-रिक्शा चालक की मौत..

नई दिल्ली 30 दिसंबर 2023| पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी इलाके में शनिवार को दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी की कार ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा चालक की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मायापुरी थाने के बाहर प्रदर्शन किया और अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी।

घटना शनिवार सुबह आठ बजे हुई, जब बसंत विहार सर्कल में तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपनी निजी कार से मायापुरी इलाके की तरफ जा रहा था। उसी दौरान उसकी गाड़ी ने रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रैफिक पुलिसकर्मी काफी तेज गति से गाड़ी चला रहा था।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, सागरपुर का रहने वाला अमित झा दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 279 (लापरवाही से वाहन चलाना), 337 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालकर चोट पहुंचाना) और 304ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

Back to top button