हेडलाइन

छत्तीसगढ़ में प्री मानसून की बारिश शुरू, एक-दो दिनों में हो जायेगी मानसून की इंट्री

रायपुर 22 जून 2023। मौसम आज से बदलना शुरू हो जायेगा। प्रदेश में प्री मानसून की बारिश शुरू हो गयी है। माना जा रहा है कि 23-24 तक प्रदेश में मानसून की इंट्री हो जायेगी। बुधवार दोपहर मानसूनी बौछार से रायपुरवासियों को गर्मी से हल्की राहत मिली। घंटेभर की बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। इधर धुआंधार बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गई। मौसम विभाग की माने तो यह मानसून आने का संकेत है।

सोमवार से दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव दिख रहा है। बस्तर संभाग में सोमवार को जहां कई जिले में पारा 8 डिग्री तक गिर गया। वहीं मंगलवार को भी मौसम बाकी दिनों से ठंडा रहा। वहीं आज राजधानी रायपुर में प्री-मानसून झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ घंटों में बस्तर में मानसून दस्तक दे सकता है।

एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व बिहार और उससे लगे पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है। इसके असर से प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने तथा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे और वज्रपात की संभावना है। राजधानी में आकाश आंशिक मेघमय रहेगा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में मानसून ओडिशा के कुछ हिस्सों, बंगाल, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से आगे बढ़ सकता है. इससे इन इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना है. ऐसे में माना जा रहा है कि 23 जून से प्रदेश के तापमान में कमी आ सकती है. वहीं 24 जून तक छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं.

Back to top button