हेडलाइन

घटेंगे पेट्रोलियम पदार्थ के दाम : केंद्रीय राज्यमंत्री मंत्री बोले- 2025 तक पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में आयेगी कमी….सीजी में भी एथेनॉल प्लांट लगाने के संकेत

बिलासपुर 9 नवंबर 2022। छत्तीसगढ़ में भी एथेनॉल प्लांट लगेगा। केंद्रीय पेट्रोलियम राज्यमंत्री रामेश्वर तेली ने इस बात के संकेत दिये हैं। छत्तीसगढ़ में चावल और पानीपत में पराली से एथेनाल बनाने की योजना बनाई गई है। इससे किसानों को फायदा होगा और घरेलू पेट्रोलियम पदार्थों का उत्पादन भी होगा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्वदेशी मेला का उद्घाटन करने पहुंचे केंद्रीय पेट्रोलियम राज्यमंत्री रामेश्वर तेली बुधवार की शाम मीडिया से बात करते हुए कहा कि देश में एथेनॉल के प्लांट के बाद 2025 तक पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में कमी आने लगेगी। इससे किसानों को भी फायदा होगा।

मंहगाई के मुद्दे पर केंद्रीय पेट्रोलियम राज्यमंत्री रामेश्वर तेली घिरते नजर आये। केंद्रीय मंत्री को जवाब में उलझता देख मीडिया के सवालों के बीच भाजपा नेताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिये। पेट्रोलियम राज्य मंत्री ने कहा- 2025 तक पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में कमी आ सकती है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार घरेलू पेट्रोलियम उत्पादन की योजना पर काम कर रही है। केंद्रीय पेट्रोलियम राज्यमंत्री रामेश्वर तेली ने कहा कि वर्तमान में हम पेट्रोलियम पदार्थ बाहर से मंगाते हैं, जिसके चलते पेट्रोल, डीजल के दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में तय होते हैं। तेल के भाव में परिवर्तन होने पर भारत पेट्रोलियम, इंडियन आयल और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम भारत के लिए इसकी दरें तय करते हैं। ऐसे में हम पेट्रोल डीजल गैस का दाम बढ़ाने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि तेली ने कहा कि छत्तीसगढ़ में चावल, असम में बांस और हरियाणा जैसे राज्यों में पलारी से एथेनाल बनाने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2023 तक असम में बांस से एथेनाल बनाने का प्रोजेक्ट तैयार हो जाएगा। इसके बाद 2025 तक पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में कमी आने लगेगी। इससे किसानों को भी फायदा होगा। नागालैण्ड और अरूणाचल प्रदेश में तेल का भण्डार है, जहां 1991 से तेल उत्पादन बंद है। जल्द इन स्थानों से तेल का उत्पादन किया जाएगा। घरेलु उत्पादन होने पर पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें कम होगी।

Back to top button