टॉप स्टोरीज़

रूस का यूक्रेन पर हमला- यूक्रेन का एयर स्पेस बंद होने पर एयर इंडिया की फ्लाइट बीच से ही दिल्ली लौटी, यूक्रेन में अभी भी फंसे है 20 हजार भारतीय…

 

नई दिल्ली 24 फरवरी 2022 । रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे तनाव के बीच आज सुबह रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया है। इस बीच यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने यूक्रेन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का एक विमान दिल्ली के लिए वापस लौट रहा है। बताया जा रहा है कि यूक्रेन ने अपने पूर्वी क्षेत्रों में रूसी सैन्य अभियानों के बीच अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। एयर इंडिया का विमान वापस लौटने के बाद एक बार फिर यूक्रेन में फंसे भारतीय और उनके परिवार वालों की चिंता बढ़ गयी है। यूक्रेन में करीब 20 हजार भारतीय अब भी फंसे हैं। यूक्रेन में फंसे भारतीय स्वदेश लौटने का इंतजार कर रहे हैं, इस बीच युद्ध शुरू हो जाने से सबकी चिंता बढ़ गयी है।

 

उधर भारत ने रूस और यूक्रेन के बीच तनाव को तत्काल कम करने का आह्वान किया और आगाह किया कि स्थिति एक बड़े संकट में तब्दील हो सकती है। वहीं संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन में सेना नहीं भेजने और शांति से मसले का हल निकालने की अपील की है।

गौरतलब है कि यूक्रेन पर रूसी हमले का डर सच साबित हुआ है, रूस ने यूक्रेन पर सीधे सैन्य हमला बोल दिया है। रूस ने यूक्रेन की सेना को हथियार डालकर पीछे हटने को कहा है। वही मिसाइल हमलों के बीच यूक्रेन ने दावा किया है कि हम पर तीन तरफ से हमला हुआ है, जवाबी कार्रवाई में यूक्रेन ने भी रूस के 6 एयरक्राफ्ट मार गिराने का दावा किया है।

रूस और यूक्रेन के बीच शुरू हुए यूद्ध को लेकर नेटो के महासचिव जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने यूक्रेन पर रूस के ग़ैर ज़िम्मेदाराना हमले की कड़ी निंदा की है। ट्विटर पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा इससे अनगिनत लोगों और बेगुनाह नागरिकों की जान जोख़िम में पड़ेगी। उन्होंने कहा कि रूस की कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का घोर उल्लंघन और यूरो अटलांटिक सुरक्षा के लिए गंभीर ख़तरा है। उन्होंने यह भी कहा कि नेटो के सहयोगी रूस की इस नई कार्रवाई का जवाब देने के लिए बैठक करेंगे।

Back to top button