जॉब/शिक्षा

14 प्रतिशत महंगाई भत्ता तत्काल जारी करे राज्य सरकार…. वीरेंद्र दुबे बोले – DA में बढोत्तरी नहीं होने से राज्य के कर्मचारी आक्रोशित

रायपुर 21 अक्टूबर 2021। केंद्रीय कर्मचारियों को बढ़े महंगाई भत्ते का तोहफा मिलने के साथ ही अब छत्तीसगढ़ में भी महंगाई भत्ता बढ़ोत्तरी की मांग उठने लगी है। शालेय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे ने राज्य सरकार से तत्काल 14 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने की मांग की है। वीरेंद्र दुबे ने कहा है कि केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को दीवाली पूर्व 3% महंगाई भत्ते की सौगात दी है। इसके बाद केंद्रीय कर्मचारियो का महगाई भत्ता 28% से बढ़कर 31% प्रतिशत हो गया है।

शालेय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे ने बताया कि राज्य सरकार को भी अविलंब 14% महंगाई भत्ते का आदेश जारी किया जाना चाहिए। वर्तमान में प्रदेश के कर्मचारियों को 17% महंगाई भत्ता दिया जा रहा है, जो केंद्र के कर्मचारियों से 11% कम था। केंद्र द्वारा 3% बढ़ाये जाने के बाद यह अंतर बढ़कर 14% हो गया है। जिससे प्रदेश के कर्मचारी हताश, निराश एवं आक्रोशित है। वर्तमान में व्याप्त महंगाई के कारण घर चलाना मुश्किल हो रहा है। राज्य सरकार ने 5% महंगाई भत्ते की घोषणा करने के पश्चात जल्द ही 11% महंगाई भत्ते की घोषणा करने की बात कही गई थी.. पर दीपावली का त्यौहार करीब आने के पश्चात भी राज्य शासन ने महंगाई भत्ते की घोषणा नही की है।

प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे ने आगे बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं उनके मंत्रीगण विभिन्न कार्यक्रमों में कोविड काल में भी राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूत बताया गया है, कोविड के बाद भी प्रदेश की विकास दर नही रुकी है.. राज्य के इस विकास में प्रदेश के कर्मचारियों का भी योगदान होता है परन्तु जैसे ही उन कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने के बात आती है, तो राज्य शासन द्वारा आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कह दी जाती है जो अत्यंत निराशाजनक है।

शालेय शिक्षक संघ प्रदेश के मुखिया से मांग करता है कि प्रदेश के कर्मचारियों को 14% महंगाई भत्ते की घोषणा करे। जिससे इस महंगाई के समय मे अपना घर परिवार अच्छे से चला सके।

 

Back to top button