बिग ब्रेकिंग

हत्या के दोषी ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान…मर्डर केस मे हाईकोर्ट ने सजा रखी थी बरकरार, चल रहा था फरार..

जांजगीर-चांपा 15 मार्च 2023। हत्या के एक दोषी ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। मामला नैला चौकी क्षेत्र का है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक का नाम प्रकाश राठौर है। प्रकाश ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है।उसका शव नहरिया बाबा मंदिर के पास मिला है। उसने खुदकुशी क्यों की है, इस बात का पता अभी नहीं चल पाया है।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। आगे की जांच की जा रही है।घटना जांजगीर-चांपा जिले के नहरिया बाबा मंदिर से 150 मीटर की दूरी की है।  प्रकाश राठौर जांजगीर के वार्ड नंबर- 14 का रहने वाला था। वो यहां हरियाली हेरिटेज का संचालक था। प्रकाश राठौर ने 2011 में संजय सिंह की गोली मारकर हत्या की थी।

उसे हत्या का दोषी करार देते हुए निचली अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। जिसके बाद डेढ़ साल तक सजा काटने के बाद से प्रकाश जमानत पर बाहर था। 25 जनवरी 2023 को प्रकाश को पता चला कि हाईकोर्ट ने भी सुनवाई के बाद निचली अदालत की सजा को बरकरार रखा है। जिसके बाद से प्रकाश राठौर डेढ़ माह से फरार चल रहा था। मृतक अपने परिजनों के संपर्क में भी नहीं था।

Back to top button