पॉलिटिकल

VIDEO: PATHAN मूवी के बचाव में उतरे CM, बोले- भगवा रंग त्याग का प्रतीक, बजरंगी गुंडे इसे पहन वसूली कर रहे

रायपुर 19 दिसंबर 2022: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की आगामी फिल्म पठान का गाना ‘बेशरम रंग’ रिलीज होने के बाद से विवादों में है। इस गाने में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के भगवा रंग के कपड़े पहनने को लेकर आलोचना हो रही है। फिल्म के बॉयकॉट की भी अपील की जा रही है। इस विवाद में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी कूद पड़े हैं। उन्होंने भगवा रंग के कपड़े पहनने को लेकर बजरंग दल पर निशाना साधा है।

बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान और एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान के गाने को लेकर हुए विवाद पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजेपी और विरोध करने वालों पर निशाना साधा है। भूपेश बघेल ने रविवार को कहा कि कपड़े पहनना और शरीर पर कपड़े धारण करना अलग-अलग बात है। उन्होंने कहा कि जब कोई साधु संत समाज और परिवार को त्याग देता है, उसके बाद वो भगवा या गेरुआ रंग का वस्त्र धारण करता है। बजरंग दल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये बजरंगी गुंडे भगवा रंग के गमछा या कपड़े धारण कर निकले हैं, वो बताएं कि उन्होंने समाज के लिए क्या त्याग किया है। वे लोग बल्कि वसूली के लिए भगवा या गुरुवा कपड़े पहन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि, भाजपा के जो नेता हैं, जो सांसद बने है, जो विधायक हैं, वह हीरो हैं। वह ऐसे कपड़े पहनकर हिरोइनों के साथ डांस कर रहे हैं, उस पर क्या विचार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, रंगों से किसी का जाति धर्म तय नहीं करना चाहिए। ये कोई विवाद का मुद्दा ही नहीं है। भाजपा के पास कोई मुद्दा ही नहीं बचा है। इसलिए जो जनता और समाज के मुद्दे नहीं हैं उसे सामने लाकर वो उसका ध्रुवीकरण कर रही है।

शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की मूवी ‘पठान’ के पहले गाने ‘बेशर्म रंग’ पर विवाद हो रहा है। इस गाने में दीपिका का सेंसुअल अवतार और उनकी पहनी भगवा रंग की बिकिनी पर बवाल है। राजनीतिक नेताओं से लेकर हिंदू संगठन तक सभी इस गाने का विरोध कर रहे हैं। सभी का कहना है कि भगवा रंग आस्था का प्रतीक है इसलिए इस तरह के कपड़े पहनकर ‘बेशर्म रंग’ पर डांस करना कबूल नहीं किया जाएगा।

Back to top button