ब्यूरोक्रेट्सहेडलाइन

VIDEO- ‘न्याय दिलाईये, नहीं तो 30 मई के बाद दे दूंगी इस्तीफा’, महिला सब इंजीनियर का विधायकों पर गंभीर आरोप

रायगढ़ 22 मई 2023। महिला सब इंजीनियर का दो विधायकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। महिला इंजीनियर वीडियो में ये कहते हुए मुख्यमंत्री से अपील कर रही है कि अगर उसे न्याय नहीं मिला, तो वो 30 मई को बाद अपना इस्तीफा दे देगी। वीडियो में अपनी आपबीती बता रही महिला खुद अपना नाम सोनल जैन बता रही है, जो रायगढ़ में RES डिपार्टमेंट में सब इंजीनियर के पोस्ट पर पदस्थ है। महिला ने खुद अपना वीडियो जारी कर बताया है कि 2019 में उसकी पोस्टिंग बरमकेला जनपद पंचायत में थी। वहीं से उसकी प्रताड़ना की शुरुआत हुई, जो चार साल से जारी है।

महिला सब इंजीनियर सोनल जैन वीडियो में कह रही है कि बरमकेला में पोस्टिंग के दौरान विधायक प्रकाश नायक का विधायक प्रतिनिधि अरूण शर्मा उसके साथ बदतमीजी करता था। महिला का आरोप है कि विधायक का प्रतिनिधि उसके साथ भद्दे कमेंट करता था, शराब पीकर दफ्तर आ जाता था। इसकी शिकायत जब महिला सब इंजीनियर ने विधायक प्रकाश नायक से की, तो विधायक ने उनसे समझौता कर लेने को कहा। लेकिन जब महिला अधिकारी ने समझौता से इंकार किया, तो उसे तरह-तरह से परेशान किया जाने लगा।

वीडियो में महिला सब इंजीनियर आरोप लगा रही है कि एक दिन अरूण शर्मा ने उसके साथ गलत हरकत की, जिसकी शिकायत लेकर वो थाने गयी, तो उनकी शिकायत नहीं ली गयी और उसे भगा दिया गया। काफी मुश्किल से किसी तरह मामला दर्ज हुआ, लेकिन उलटे महिला इंजीनियर पर ही मामला दर्ज कर दिया गया। उस केस से महिला इंजीनियर बरी हो चुकी है।

आरोप के मुताबिक 15 अगस्त 2021 को महिला सब इंजीनियर को 151 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया और मारपीट की गयी। बाद में महिला सब इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया। निलंबन को महिला इंजीनियर से कोर्ट में चुनौती दी, जिसके बाद हाईकोर्ट ने निलंबन को रद्द करने का आदेश दिया। कोर्ट से जीतने के बाद सोनल जैन को घरघोड़ा पंचायत में पोस्टिंग दी गयी। महिला सब इंजीनियर का आरोप है कि वहां से 9 महीने बाद ही विधायक लालजीत सिंह राठिया के कहने पर रायगढ़ में अटैच कर दिया गया।

महिला सब इंजीनियर ने मुख्यमंत्री ने उसके साथ हुए तमाम प्रकरणों में न्याय दिलाने की मांग की है। उनके साथ ऐसा क्यों किया जा रहा है, उन मामलों में मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की गयी है। सब इंजीनियर ने कहा है कि अगर उनके साथ न्याय नहीं होता है, तो 30 मई के बाद अपना इस्तीफा दे दूंगी।इस वीडियो को ब्यूरोक्रेट से भाजपा नेता बने ओपी चौधरी ने भी अपने फेसबुक पर पोस्ट किया है।

Back to top button