स्पोर्ट्सहेडलाइन

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी : भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में ,फाइनल में दी जापान को मात..

रांची  6 नवंबर 2023|एशियन गेम्स 2023 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम ने रांची में आयोजित हुए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जीत हासिल करने के साथ गोल्ड मेडल को अपने नाम किया। भारतीय महिला टीम की फाइनल मुकाबले में भिड़ंत जापान की टीम से थी और दोनों के बीच यह मैच मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम रांची में खेला गया। भारतीय महिला टीम का इस मैच में एकतरफा प्रदर्शन देखने को मिला और उन्होंने 4-0 से जीत हासिल की। इस मैच के भारत के लिए पहला गोल संगीता कुमारी ने खेल के 17वें मिनट में किया था।

दूसरे हाफ में भारत ने जारी रखा आक्रामक प्रदर्शन

पहले हाफ का खेल खत्म होने तक जहां भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली थी, वहीं दूसरे हाफ में भी टीम की तरफ से आक्रामक खेल जारी देखने को मिला। जिसकी वजह से जापान की टीम के लिए इस मैच में वापसी करना बिल्कुल भी आसान नहीं हुआ। भारत की तरफ से दूसरा गोल खेल के 46वें मिनट में नेहा ने किया, वहीं तीसरा गोल भी जल्द ही 57वें मिनट में लालरेमसियामी ने किया। वहीं 60वें मिनट में वंदना कटियार ने इस मैच भारत की तरफ से चौथा गोल कर दिया। भारत ने इस बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपने सभी सात मैचों में जीत हासिल की है, जिसमें टीम की तरफ से इस बार टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल वंदना कटियार ने किए जिनकी स्टिक ने कमाल दिखाते हुए छह गेंद को गोल पोस्ट के अंदर पहुंचाया।

Back to top button