टॉप स्टोरीज़

बड़ा हादसा: बारिश के पानी से भरा तलाब देखकर नहाने उतरे 6 बच्चे,… पानी में डूबने से सभी बच्चों की मौत…

गुरुग्राम 10 अक्टूबर 2022 : हरियाणा के गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के सेक्टर 111 में बारिश के पानी से भरे तलाब में 6 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। काफी तलाशी के बाद बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। सभी बच्चों की उम्र 8 से 13 साल के बीच है। अंधेरा होने की वजह से राहत कार्य में परेशानी आई लेकिन सभी बच्चों के शव को पानी से निकाल लिया गया है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद थी। घटना की जानकारी लगते ही परिवार वाले भी घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

घटना की सूचना के बाद मौके पर रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, गुरुग्राम पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर जुटी रही। मौके पर स्थिति का जायजा लेने के लिए उपायुक्त निशांत कुमार यादव डीसीपी ईस्ट दीपक सहारन भी पहुंचे और जानकारी हासिल की। रेस्क्यू के लिए मौके पर पंप भी मंगवाएं गए हैं। लगभग चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी छह बच्चों के शव को निकाला गया। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्चों की पहचान पीयूष, देवा, अजीत, राहुल, दुर्गेश और वरुण के रूप में हुई है। पुलिस ने बच्चों का पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम चार बजे के लगभग शंकर विहार कॉलोनी में रहने वाले सात बच्चे, जिनकी उम्र लगभग आठ साल से 13 साल है, वो बजघेड़ा गांव के पास खाली जमीन पर बने तालाब में नहाने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान छह बच्चे कपड़े उतार कर तालाब में नहाने के लिए कूद गए, जबकि एक बच्चा नहाने नहीं गया। बच्चों को डूबता हुआ देखकर वो बच्चा जोर से चिल्लाता हुआ पास में खड़े गार्ड के पास गया और घटना की सूचना दी गई। उसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

बच्चों के तालाब में डूबने की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जानकारी हासिल करने के बाद रेस्क्यू का काम शुरू किया। पुलिस को तालाब के पास छह बच्चों के कपड़े और चप्पलें मिलीं। दमकल विभाग के कर्मचारी भी सर्च करने के लिए तालाब में गए और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद 11 साल के देवा के शव को बाहर निकाला गया और मोर्चरी में भिजवाया गया। उसके बाद रेस्क्यू में मदद करने के लिए एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और रात सवा आठ बजे छह बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया।

घटनास्थल पर पहुंचे DM निशांत यादव ने बताया कि सभी 6 बच्चों के शव बरामद सभी बच्चों की उम्र 8-13 साल के बीच थी। यदि कोई अन्य बच्चा लापता है तो हमें सूचित करने के लिए हम स्थानीय क्षेत्र में घोषणाएं कर रहे हैं। जरूरत पड़ी तो हम फिर से तालाब में कॉम्बिंग करेंगे या तालाब का पानी बाहर निकाल देंगे। जिन छह बच्चों डूबकर मौत हुई है उनके नाम वरुण, राहुल, देवा, अजीत, पीयूष, दुर्गेश हैं। बताया जा रहा है कि यहां बजघेड़ा गांव की जमीन लगती है और बिल्डर काम करा रहा था।

घटनास्थल पर पहुंचे उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बच्चों के स्वजन को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। बताते हैं कि उक्त जमीन को एक नामी बिल्डर ने खरीद रखा है।

Back to top button