पॉलिटिकल

BJYM का बड़ा प्रदर्शन आज….राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने भाजपा करेगी शक्ति प्रदर्शन, पुलिस के चाक-चौबंद इंतजाम… जगह-जगह बैरिकेटिंग, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात..

रायपुर 24 अगस्त 2022। भारतीय जनता युवा मोर्चा का आज छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रदर्शन है। बेरोजगारी और रोजगार के मुद्दे पर आज प्रदेश भर के भाजयुमो कार्यकर्ता सीएम हाउस घेराव करेंगे। इस प्रदर्शन की अगुवाई भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद तेजस्वी सूर्या करेंगे। वहीं भाजपा के सारे सीनियर लीडर भी इस प्रदर्शन के दौरान मौजूद रहेंगे। इस घेराव में शामिल होने के लिए खुद बीजेपी प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, नितिन नवीन भी रायपुर में कैंप किये हुए हैं। नये प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष की अगुवाई में इसे भाजपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन भी कहा जा रहा है। इस प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के अलावे भाजपा सभी विधायक और सांसद मौजूद रहेंगे। भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या दोपहर 12 बजे भाजयुमो के हल्ला बोल आंदोलन में शामिल होंगे और सभा स्थल व्हाइट हॉउस नगर निगम परिसर रायपुर में युवाओं के विशाल जनसमूह को सम्बोधित करेंगे।

इधर सीएम हाउस के घेराव के मद्देनजर पुलिस के चाक चौबंद इंतजार किये गये हैं। जगह-जगह बैरिकेटिंग की गयी है। वहीं पुलिस बल की भी तैनाती की गयी है। मुख्यमंत्री निवास अभेद किला बना दिया गया है। चारों तरह से बैरिकेटिंग की गयी है, ताकि कोई भी मुख्यमंत्री निवास के आस पास भी ना फटक सके। आधा दर्जन IPS के अलावे 40 एएसपी और डीएसपी को तैनात किया गया है।

भाजयुमो के हल्ला बोल कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, निवृतमान अध्यक्ष विष्णुदेव साय, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू, सांसद सुनील सोनी,पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, संजय श्रीवास्तव,भाजयुमो प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव, ओपी चौधरी, संजुनारायन ठाकुर, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी विधायक, सांसद व प्रदेशभर से भाजयुमो नेता कार्यकर्ता एवं लाखों की संख्या में प्रदेशभर के युवा मौजूद रहेंगे।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने प्रदेशभर के युवाओं से भाजयुमो के हल्ला बोल आंदोलन में शामिल होने रायपुर चलो का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं को ठगा और अब जब प्रदेशभर के युवा छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के खिलाफ हल्ला बोल रहे हैं तब यह सरकार घबरा रही हैं भयभीत हैं। उन्होंने भाजयुमो के हल्ला बोल आंदोलन को युवओं के साथ अन्याय करने वाली सरकार के लिए अंतिम कील बताया हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल, प्रभारी आलोक ढंगस, दीपज्योति मुंड सोमवार को ही छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर आ चुके हैं।

Back to top button