हेडलाइन

CG- 7 लाख का सुपारी किलर : भाजपा नेता की हत्या का शार्प शूटर गिरफ्तार, बीच सड़क पर सुपारी किलर विकास ने मारी थी गोली

पखांजूर 13 जनवरी 2024। भाजपा नेता असीम राय की हत्या मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। मर्डर का सार्प शूटर विकास तालुकदार गिरफ्तार हो गया है। पुलिस ने शूटर विकास को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक हत्या के बाद फरार हुआ विकास अपने किसी रिश्तेदार के घर छुपा हुआ था। इसी बीच कांकेर पुलिस को इसकी सूचना मिली। पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ संपर्क करते हुए आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी गढचिरौली से हुई है। भाजपा नेता असीम राय के मर्डर मामले में से 12वीं गिरफ्तारी है। इससे पहले कल ही 11 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

सात जनवरी को असीम की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष असीम राय की हत्या के मामले में पखांजुर नगर पंचायत का अध्यक्ष व कांग्रेस नेता बप्पा गांगुली ने करायी थी। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस नेता एवं नगर पंचायत अध्यक्ष बप्पा गांगुली की कुर्सी खतरे में थी। इसी प्रकार विकास पाल पार्षद को इस बात का डर था कि उसका पखांजुर इन होटल का अवैध निर्माण भी तोड़ा जाएगा। दोनों इसके लिए असीम को जिम्मेदार मानते थे। वहीं चांदीपुर के उप सरपंच जितेन्द्र बैरागी की भी असीम से पुरानी रंजिश थी।

असीम राय के कहने पर नगर पंचायत में अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, जिससे बप्पी काफी नाराज था। बता दें कि 2019 नगरीय निकाय चुनाव में पखांजुर नगर पंचायत में कांग्रेस ने छह और भाजपा ने नौ सीट जीती थी, लेकिन भाजपा की मायारानी सरकार और विकास पाल ने क्रास वोटिंग की। इसके चलते अध्यक्ष की कुर्सी कांग्रेस के खाते में चली गई।वर्तमान में अध्यक्ष बप्पा गांगुली और उपाध्यक्ष माया रानी सरकार हैं, जिनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर चर्चा होनी थी। भाजपा ने मायारानी सरकार को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।  15 जनवरी को नगर पंचायत में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होनी थी । उससे पहले ही उसने ही सात लाख रुपये की सुपारी देकर असीम की हत्या करवा दी।

पखांजुर के मंडल मेडिकल के मालिक सोमेंद्र मंडल, पीव्ही 28 निवासी सर्वजीत उर्फ सुरजीत एवं पीव्ही 36 निवासी रीपन ने ही विकास व नीलरतन से संपर्क साधा और कांग्रेस नेता बप्पा गांगुली, विकास पाल और जितेन्द्र बैरागी ने असीम राय की हत्या करवाने की मंशा जाहिर की। नीलरतन ने असीम राय की हत्या के लिये अपने मौसेरे भाई शार्प शूटर विकास तालुकदार और जयंत विश्वास की मुलाकात सोमेंद्र से करवाई और सात लाख में सुपारी की बात तय हुई।अब तक बप्पा गांगुली, कांग्रेस पार्षद विकास पाल, जितेन्द्र बैरागी, सोमेन्द्र मंडल सहित 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मुख्य शूटर विकास तालुकदार फरार था, लेकिन अब उसे भी पुलिस ने धर दबोचा है।

आपको बता दें कि 2014 में भी असीम राय पर गोली चलाई गई थी। हमले का एक आरोपित हत्याकांड में शामिल है। असीम की हत्या के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। अलग-अलग टीम को अलग-अलग जांच में लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया, जिसके बाद पुलिस को एक अहम सुराग मिला। एक फुटेज में बाइक पर पीछे बैठे आरोपित की पहचान पीव्ही 82 निवासी विकास तालुकदार के रूप में हुई। विकास को पीव्ही 125 नीलरतन मंडल के साथ घूमते देखा गया था। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ गया। हत्या से पहले आरोपितों ने रेकी भी की थी।

Back to top button