टॉप स्टोरीज़

CG NEWS : छत्तीसगढ़ का दूसरा मिलेट्स कैफे कोरबा में खुला,शहरवासियों को मिलेगा सेहतमंद लजीज पकवानों का स्वाद….

कोरबा 24 फरवरी 2023। छत्तीसगढ़ में रायगढ़ के बाद कोरबा जिला में प्रदेश का दूसरा मिलेट्स कैफे का शुभारंभ किया गया हैं। नगर निगम द्वारा स्मृति उद्यान के समीप महिला समूह की भागीदारी के साथ इस कैफे की शुरूवात की किया गया, जिसका शुभारंभ कलेक्टर संजीव झा, निगम आयुक्त प्रभाकर पांडये की मौजूदगी में महापौर राजकिशोर प्रसाद ने किया। कोरबा में शुरू हुए इस मिलेट्स कैफे में शहरवासियों और जिले के लोगों को अब मिलेट्स से बने स्वास्थ्यवर्धक व पौष्टिक पकवानों का लजीज स्वाद सुगम रूप से मिल सकेगा।

गौरतलब हैं कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा मिलेट्स अनाज को बढ़ावा देने को प्रोत्साहित किया जा रहा हैं। इनसे बने स्वास्थ्यवर्धक पौष्टिक पकवानों तक शहरवासियों की सुगमता से पहुंच बनाने के मद्देनजर मिलेट कैफे खोलने की योजना तैयार की जा रही है। इसी कड़ी में रायगढ़ जिला के बाद अब कोरबा जिला में प्रदेश का दूसरा मिलेट्स कैफे शुरू किया गया हैं। कोरबा जिले का पहला मिलेट कैफे घंटाघर निहारिका रोड स्थित स्मृति उद्यान के समीप खोला गया हैं। महापौर राजकिशोर प्रसाद ने केक व फीता काटकर कैफे का उद्घाटन किया। इस मौके पर कलेक्टर संजीव कुमार झा, निगम आयुक्त प्रभाकर पांडेय, सभापति श्यामसुंदर सोनी, अपर कलेक्टर विजेन्द्र पाटले, जिला पंचायत सी.ई.ओ. नूतन कंवर सहित बड़ी मात्रा में जनप्रतिनिधि और आम लोग मौजूद रहे।

इस मौके पर कलेक्टर संजीव झा और महापौर राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि जिले का पहला मिलेट्स कैफे खोला गया है। मिलेट अनाज स्वास्थ्य के लिए अत्यंत फायदेमंद, उपयोगी एवं रोगप्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने वाला है। उन्होने कहा कि वर्तमान में मिलेट का क्रेज बढ़ा है। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने बताया कि मिलेट पकवानों के प्रति आमजन में काफी रूचि देखी जा रही है। अभी हाल में सम्पन्न हुए पाली महोत्सव के दौरान यह देखने को मिला कि लोगों ने मिलेट्स पकवानों के प्रति विशेष रूचि दिखाई हैं, तथा इन पकवानों का स्वाद बडे़ चाव से लिया है। उन्होने कहा कि कोरबा जिले का पहला मिलेट कैफे खोला गया है।

वर्तमान में यहॉं पर 30 से ज्यादा मिलेट्स आईटम उपलब्ध हैं और मार्केट में भी इन वस्तुओं की अच्छी डिमांड है। मिलेट्स कैफे में रागी, कोदो, कूटकी, ज्वार सहित अन्य मिलेट्स अनाजों के पकवान सुलभ हैं। मिलेट कैफे की खासियत है कि रागी व कोदो जैसे अनाजों से लजीज पकवान बनाए जाते हैं। कई पीढ़ियों से रागी, कोदो जैसे अनाज हमारे आहार का प्रमुख हिस्सा हुआ करते थे। ये अनाज सेहत के लिए जरूरी तथा पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। मिलेट कैफे में मिलेट्स से बने हुए पास्ता, चीला, इडली, मन्चूरियन, पिज्जा, नूडल्स, पकौड़े, समोसे, डोसा, बिरयानी सहित अन्य अनेको पकवान बनाए जाते हैं, जो अत्यंत पौष्टिक होते हैं तथा स्वाद के साथ बेहतर सेहत भी देते हैं।

Back to top button