शिक्षक/कर्मचारी

CG NEWS: सिविल सर्जन को कलेक्टर ने हटाया, विरोध में डॉक्टरों ने काम बंद हड़ताल कर खोला मोर्चा, महिला की लाश के पीएम को लेकर उपजा विवाद,कलेक्टर ने कहा…

धमतरी 27 अगस्त 2022। धमतरी के जिला अस्पताल के सिविल सर्जन को हटाये जाने के विरोध में डॉक्टरों ने हड़ताल कर दिया हैं। बताया जा रहा है कि जंगल में मिली एक लावारिश लाश के पीएम को लेकर उपजे विवाद के बाद कलेक्टर ने सिविल सर्जन को हटा दिया था। कलेक्टर की इस कार्रवाई के विरोध में डॉक्टरों ने काम बंद हड़ताल कर दी। इसके बाद कलेक्टर ने सिविल सर्जन को फिर से सीएस का चार्ज दे दिया गया हैं।

गौरतलब हैं कि धमतरी जिला में पिछले दिनों एक महिला की सड़ी-गली लाश मिली थी। महिला की लाश को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस द्वारा जिला अस्पताल लाया गया था। यहां डॉक्टरों ने सड़ चुकी लाश का पीएम कर पाने में असमर्थता जतायी थी। इसके बाद जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ यू.एल. कौशिक ने लाश को मेडिकल कॉलेज रायपुर पीएम के लिए भेज दिया था। सिविल सर्जन के इस फैसले पर कलेक्टर पी.एस.एल्मा ने नाराजगी जताते हुए सिविल सर्जन को हटा दिया गया।

सिविल सर्जन को हटाने की कार्रवाई करने के बाद अब जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने कलेक्टर के आदेश के खिलाफ मोर्चा खोल दिया हैं। डॉक्टरों ने काम बंद हड़ताल कर सिविल सर्जन डॉ.यू.एल. कौशिक को दोबारा जिला अस्पताल में नियुक्त करने की मांग करने लगे। उधर कलेक्टर पी.एस.एल्मा ने सिविल सर्जन को प्रशासनिक दृष्टिकोण से हटाने की बात कही हैं। उन्होने बताया कि अस्पताल की व्यवस्था की जिम्मेदारी सिविल सर्जन की होती हैं, कई खामियां पाये जाने पर सिविल सर्जन को हटाने की कार्रवाई की गयी हैं।

शव के पोस्टमार्टम नही किये जाने पर कार्रवाई की बात से कलेक्टर ने इंकार किया हैं। उन्होने साफ किया कि शव का पीएम करना डॉक्टर का काम हैं। मैने सभी डॉक्टरों को मरीजों का इलाज करने के साथ ही जवाबदारी के साथ काम करने की बात कही हैं। डॉक्टरों के काम बंद हड़ताल पर चले जाने और डॉ.यू.एल.कौशिक को दोबारा सी.एस.का चार्ज देने की मांग पर कलेक्टर ने उसे पूरा कर दिया हैं। कलेक्टर के निर्देश पर दोबारा डॉ.यू.एल.कौशिक को सीएस का प्रभार दे दिया गया है। जिसके बाद डॉक्टरों ने अपना काम बंद हड़ताल स्थगित कर स्वास्थ्य सेवांए बहाल कर दी हैं।

Back to top button