क्राइम

CG: सिरफिरे ने मां-बाप पर जानलेवा हमला कर नाबालिग को किया अगवा, घटना में पिता की मौत,मां की हालत गंभीर

कांकेर 3 जून 2023। कांकेर जिला में एक सिरफिरे ने घर में घुसकर पहले तो एक नाबालिग लड़की के माता-पिता पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। इसके बाद आरोपी नाबालिग का घर से जबरन अपहरण कर अपने साथ ले गया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल नाबालिग के पिता की जहां मौत हो गयी, वही उसकी मां की हालत गंभीर बतायी जा रही हैं। बताया जा रहा हैं कि सिरफिरे युवक ने एक महीने के भीतर नाबालिग लड़की के साथ दूसरी बार अपहरण की वारदात को अंजाम दिया हैं। पुलिस ने इस घटना पर अपराध दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

हत्या और अपहरण का ये पूरा मामला कांकेर जिला के दुधावा थाना क्षेत्र का हैं। जानकारी के मुताबिक ग्राम बिहावापारा में प्रताप शौरी का परिवार निवास करता हैं। घर में प्रताप के साथ उसकी पत्नीममता और नाबालिग बेटी निवास करते थे। बताया जा रहा हैं कि शुक्रवार की देर रात परिवार के लोग खाना खाने के बाद सोने के लिए चले गए थे। देर रात आरोपी अजय मरकाम घर में घुस आया और प्रताप शौरी और उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। धारदार हथियार से हुए ताबड़तोड़ हमले के कारण पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान हालत में गिर गए। इस घटना के बाद आरोपी ने नाबालिग लड़की का अपहरण कर वहां से फरार हो गया। बताया जा रहा हैं कि घटना के वक्त घर में मृतक की भांजी मौजूद थी।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण जब तक बाहर आए, तब तक आरोपी अजय मरकाम किशोरी को लेकर भाग चुका था। वहीं पड़ोसियों की मदद से घायल पति-पत्नी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां इलाज के दौरान प्रताप शौरी की मौत हो गई है। पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना की जानकारी के बाद पुलिस नाबालिग बेटी और आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। कांकेर पुलिस की माने तो करीब एक महीने पहले भी अजय मरकाम ने नाबालिग लड़की का अपहरण किया था। आरोपी धमतरी जिले के सिहावा का रहने वाला है और कांकेर के दुधावा में काम करता है। उसने कुछ दिन प्रताप शौरी के घर में भी काम किया था और उसी समय से उनकी नाबालिग बेटी के पीछे हाथ धोकर पड़ गया था।

इस घटना की रिपोर्ट तत्काल किशोरी के परिजनों ने थाने में दर्ज करायी थी। जिसके बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया था। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और अपहरण सहित पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी अजय को जेल भेज दिया गया था। कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर आरोपी बाहर आया था। जिसके बाद उसने दोबारा शुक्रवार की रात इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद नाबालिग लड़की का अपहरण कर फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर अपहृत किशोरी और आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

Back to top button