हेडलाइन

CG : कोरबा में पाली महोत्सव का आज होगा रंगारंग आगाज, डिप्टी सीएम अरूण साव महोत्सव का करेंगे शुभारंग, पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे और बॉलीवुड सिंगर सोना महापात्रा की होगी विशेष प्रस्तुति

कोरबा 7 मार्च 2024। औद्योगिक जिला कोरबा में हर साल की तरह इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के अवसर पर पाली महोत्सव का आगाज आज शाम होगा। दो दिवसीय इस महोत्सव का शुभारंभ आज डिप्टी सीएम अरूण साव द्वारा किया जायेगा। जिला प्रशासन कोरबा द्वारा आयोजन की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। पाली महोत्सव के पहले दिन आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही हास्य कवि पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे और बाॅलीवुड सिंगर सोना महापात्रा अपनी विशेष प्रस्तुति देंगी।

गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा पाली महोत्सव 2024 के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। महाशिवरात्रि पर्व एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को होने पर जिला प्रशासन द्वारा पाली महोत्सव का आयोजन महिलाओं को सशक्त बनाने की थीम पर रखा गया है। महोत्सव में महत्वपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए महिला गायकों को आमंत्रित किया गया है। पाली महोत्सव के शुभारंभ आज 7 मार्च को शाम 6 बजे ग्राम पंचायत केराझरिया में किया जायेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ डिप्टी सीएम अरूण साव के मुख्य आतिथ्य तथा वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन की अध्यक्षता में किया जाएगा।

इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत, विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम,रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकला कंवर सहित जनपद अध्यक्षों के विशिष्ट आतिथ्य में किया जाएगा। आज 7 मार्च को सांस्कृतिक कार्यक्रम में शाम साढ़े 6 बजे से हास्य कवि पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे, पद्मलोचन शर्मा, रामानंद त्रिपाठी, अभिषेक पाण्डेय, कवित्री सोमप्रभा तिवारी व वीर रस कवि देवेन्द्र परिहार हास्य प्रस्तुति देंगे। रात 8 बजे बॉलीवुड सिंगर सोना महापात्रा सुरों की छठा बिखेरेंगी।

इसके साथ ही लोक कलाकार अश्विका साव, गायक थिरमन दास महंत, दुर्गेश साहू व गायक अतीश अपनी प्रस्तुति देंगे। अगले दिन 08 मार्च 2024 को शाम 06 बजे से छत्तीसगढ़ी गायक अनुराग शर्मा, छत्तीसगढ़ी अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। शाम साढ़े 7 बजें बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर अपने मशहूर गीतों की प्रस्तुति देंगी। इसके साथ ही तबला वादक मोरध्वज वैष्णव, कत्थक नृत्यांगना सुश्री इशिता कश्यप, लोक गायक नंदलाल रजक तथा गायक अनिल नागवंशी अपनी प्रस्तुति देंगे।

Back to top button