हेडलाइन

CG: पुलिस जवान की बेरहमी से हत्या : राखी बंधवाने घर आया था जवान,नक्सलियों ने अगवा कर उतारा मौत के घाट

बीजापुर 31 अगस्त 2023। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिला से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक पुलिस जवान को माओवादियों ने अगवा कर उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पुलिस जवान छुट्टी लेकर घर राखी बंधवाने आया हुआ था। इसी दौरान माओवादियों ने उसे अगवा कर लिया। जवान की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद माओवादियों ने लाश को गांव के पास फेंक दिया। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।

पुलिस जवान के हत्या की ये वारदात गंगालूर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मृतक जवान का नाम बुधराम अवलम है, जो नक्सल प्रभावित जांगला गांव का रहने वाला था। बुधराम की पोस्टिंग तोयनार थाने में थी। बताया जा रहा है कि 30 अगस्त को वह थाने से छुट्टी लेकर राखी का त्योहार मनाने के लिए अपने गांव आया था। शाम के वक्त वह अपने भतीजे को छोड़ने के लिए पास के ही गांव डुवालीकरका पहुंचा था।

इस बात की जानकारी नक्सलियों को किसी ने दे दी। जिसके बाद नक्सली गांव पहुंचे और उसका पुलिस जवान को अगवा कर अपने साथ ले गये। उधर पुलिस जवान के अपहरण की घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। दहशत में किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को देना उचित नही समझा। माओवादियों ने कुछ घंटे तक पुलिस जवान को अपने साथ रखा और फिर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद गुरुवार की सुबह माओवादियों ने गांव के नजदीक जवान के शव को फेंक कर भाग निकले।

गांव वालों ने जब पुलिस जवान बुधराम की लहुलूहान लाश देखी, तो गांव में हड़कंप मच गया। गांव वालों ने इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा कर पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधराम सहायक आरक्षक के पद पर पदस्थ था। जवान के हत्या के बाद से क्षेत्र में सर्चिंग तेज कर दी गयी हैं।

Back to top button