पॉलिटिकलहेडलाइन

CG POLITICS : कांग्रेस के सीटिंग MLA पर BJP प्रत्याशी ने लगाया धर्मांतरण का गंभीर आरोप, DY CM सिंहदेव के लिए कह दी ये बड़ी बात ! देखिये VIDEO

कोरबा 10 अक्टूबर 2023। तानाखार से बीजेपी प्रत्याशी रामदयाल उईके ने कांग्रेस विधायक मोहितराम केरकेट्टा पर धर्मांतरण का गंभीर आरोप लगाया है। उईके ने मीडिया से चर्चा में कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अपने ही पार्टी के नेताओं का शिकार करती है। कांग्रेस ने सबसे पहले डाॅ. भंवर सिंग पोर्त को शिकार बनाया, दूसरा शिकार अरविंद नेताम को बनाया….मुझे तीसरा शिकार बनाया, अब चौथा शिकार के रूप में बाबाजी को बना चुके थे….अब बाबा को साधने में लगे है। उईके ने कांग्रेस और डिप्टी सीएम सिंहदेव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लास्ट टाइम में दवा-पानी करने से मरीज जो है तकलीफ में ही रहता है।

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। बीजेपी ने प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में से 85 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। टिकटों की घोषणा के बाद अब प्रत्याशियों के तीखे बयान भी सामने आ रहे है। ताजा बयान पाली-तानाखार से बीजेपी प्रत्याशी रामदयाल उईके का सामने आया है। आपको बता दे एक वक्त तक तानाखार से कांग्रेस की टिकट पर रामदयाल उईके के नाम रिकार्ड वोटों से जीत दर्ज करने का रिकार्ड रहा है। लेकिन साल 2018 के विधानसभा चुनाव में उईके ने कांग्रेस का दामन छोड़ बीजेपी में शमिल होकर घर वापसी कर ली थी। बीजेपी से टिकट मिलने के बाद उईके को साल 2018 में हार का सामना करना पड़ा था। बावजूद इसके बीजेपी ने रामदयाल उईके पर दोबारा भरोसा जताते हुए अपना प्रत्याशी बनाया है।

तानाखार से प्रत्याशी बनाये जाने के बाद मंगलवार को उईके ने मीडिया से चर्चा कर कांग्रेस पर हमला बोला। उईके ने तानाखार के कांग्रेस विधायक मोहितराम केरकेट्टा पर धर्म परिवर्तन का गंभीर आरोप लगाते हुए गांव-गांव में काम दिलाने के नाम पर पैसों की वसूली का आरोप लगाया। मीडिया से चर्चा में उईके ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता विकास के लिए तरस गयी है, लेकिन कांग्रेस विधायक सिर्फ और सिर्फ वसूली में व्यस्त रहे। उईके ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक ने ग्राम सपलवा और चैतमा में धर्मांतरण का स्कूल खोल रखा है। जहां भोले-भाले आदिवासियों का धर्म परिवर्तन कराने का काम कराया जा रहा है।

बीजेपी प्रत्याशी उईके ने क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक पर हमला करने के बाद कांग्रेस पर भी सवाल उठाये। उईके ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने ही पार्टी के नेताओं को शिकार बनाती है। सबसे पहले डाॅ.भंवर सिंग पोर्त को शिकार बनाया गया, इसके बाद अरविंद नेताम दूसरे नंबर पर शिकार बने, मुझे तीसरा शिकार बनाया….अब चौथा शिकार के रूप में बाबाजी को बना चुके थे, लेकिन अब बाबा को साधने में लगे है। रामदयाल उईके ने कांग्रेस की रीति-नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस की इसी नीति के कारण पूरे देश में पार्टी का अस्तित्व खत्म हो रहा है। उन्होने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने ही पार्टी ….अपने कार्यकर्ता को नही संभाल पा रही है, जिससे छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस पार्टी समापन की ओर है।

Back to top button