हेडलाइन

CG: पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़,जवाबी कार्रवाई में जवानों ने 2 महिला नक्सलियों को किया ढेर

दंतेवाड़ा 20 सितंबर 2023। नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिला में पुलिस और नक्सली के बीच मुठभेड़ हो गयी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों को मुहतोड़ जवाब देते हुए 2 महिला नक्सलियों को मार गिराया। बतया जा रहा है कि पुलिस और डीआरजी के जवान सर्चिंग पर निकले थे, तभी घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद जवानों ने डटकर सामने करते हुए नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए उन्हे पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक नक्सल मुठभेड़ की ये घटना अरनपुर पुलिस थाने की सीमावर्ती क्षेत्र में घटित हुई। बताया जा रहा है कि सुबह के वक्त स्टेट पुलिस और डीआरजी के जवान जंगल में सर्चिंग पर निकले थे। जवानों को क्षेत्र में दंतेवाड़ा-सुकमा के सीमावर्ती क्षेत्र नगरम-पोरो हिरमा जंगलों के पास प्रतिबंधित संगठन के दरभा डिवीजन के नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी।

जंगल में सर्चिंग के दौरान ही अचानक जवानों पर नक्सलियों ने फायर खोल दिया। नक्सलियों द्वारा फायरिंग करने के बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर माओवादियों को पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया। गोलीबारी बंद होने के बाद घटनास्थल से एक इंसास राइफल और एक 12 बोर राइफल के साथ दो महिला नक्सलियों के शव पुलिस ने बरामद किए गए। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।

Back to top button