पॉलिटिकलबिग ब्रेकिंग

CG: VAT पर पॉलिटिक्स…..साय बोले- गाल बजाना छोड़ पेट्रोल-डीजल की कीमत कम करे सरकार…. जवाब में सुशील बोले- वैट को लेकर आंदोलन बेशर्मी की पराकाष्ठा

रायपुर 6 नवम्बर 2021 । पेट्रोल-डीजल की कीमत को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरम है। बीजेपी जहां पेट्रोल-डीजल की कीमत में वैट कम करने की मांग कर रही है, तो वहीं कांग्रेस इस मांग को अनुचित और राजनीति से प्रेरित बता रही है। इस बीच आज भाजयुमो ने प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में आज पेट्रोल पम्पों पर प्रदर्शन कर वैट कम कर जनता को महंगाई से राहत देने की मांग की है।

साय बोले, गाल बजाने के बजाय पेट्रोल-डीजल की कीमत कम करें

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीज़ल पर एक्साइज ड्यूटी घटा देने के बावजूद छत्तीसगढ़ में वैट नहीं घटाने को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा है। श्री साय ने कहा कि गाल बजाने के बजाय मुख्यमंत्री बघेल पेट्रोल-डीज़ल पर वैट घटाकर छत्तीसगढ़ को लोगों को राहत पहुँचाने काम करें, तो ज़्यादा अच्छा होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीज़ल पर एक्साइज़ ड्यूटी घटाकर देश को राहत प्रदान की है और राज्यों से अपने-अपने हिस्से के वैट को घटाने की अपील की है। बात-बेबात भाजपा शासित राज्यों को उलाहना देती प्रदेश सरकार अब इधर-उधर की बातें करने के बजाय अपने हिस्से का वैट उसी तरह क्यों नहीं घटा रही है जैसा देश के भाजपा शासित प्रदेशों में वैट घटाकर लोगों को राहत पहुँचाने का काम किया गया है। श्री साय ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल को अपनी आदत में सुधार करने की ज़रूरत है। कुर्सी बचाने की ज़द्दोज़हद में वे प्रदेश की जनता का हित ही भुला बैठे हैं।

सुशील बोले- वैट को लेकर आंदोलन बेशर्मी की पराकाष्ठा है

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा द्वारा वेट कम करने की मांग को ले कर किया गया आंदोलन बेशर्मी की पराकाष्ठा है।भाजपा नेताओं द्वारा राज्य सरकार से वैट कम करने की मांग अनुचित और राजनीति प्रेरित है। छत्तीसगढ़ अपने सीमाओं से लगे भाजपा शाषित राज्यों से कम वैट लेता है। सीमावर्ती राज्य मध्यप्रदेश उड़ीसा महाराष्ट्र आदि से छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल सस्ता है। राज्य आज भी उतना ही वैट वसूलता है जितना पूर्ववर्ती भाजपा सरकार लेती थी। कांग्रेस सरकार ने उसमें कोई बढ़ोतरी नहीं किया है। भाजपा नेता राज्य से मांग करने के बजाय मोदी से मांग करें कि वे जितना एक्साईज ड्यूटी बढ़ाये थे उसको घटायें पेट्रोल-डीजल और सस्ता हो जायेगा।
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने केंद्र द्वारा पेट्रोल डीजल पर कम किये गए 5व 10 रु एक्साइज ड्यूटी अपर्याप्त बताया है। केंद्र में कोरोना काल मे डीजल-पेट्रोल पर लगने वाले एक्साइज ड्यूटी को दस गुना बढ़ाया था जो क्रमशः पेट्रोल पर 30 रू. और डीजल पर लगभग 33 रू. बढ़ाया गया था। केंद्र सरकार इस बढ़े हुए पूरे टेक्स को वापस लें। 5 व 10 रू. की कटौती जनता के साथ फिर धोखा है। केंद्र ने कोरोना के समय जो टेक्स बढ़ाया था वह टेक्सो के युक्तियुक्तकरण के नाम पर बढ़ाया गया था उस समय कहा गया था क्रूड ऑयल के दाम सामान्य स्तर पर आने और खपत पूरा होने पर टैक्स कम कर दिया जाएगा। लॉक डाउन खत्म होने के 1 साल बाद तक केंद्र बढ़े एक्साइज ड्यूटी को ही वसूल रहा है। जब कम भी किया तो मात्र 5 व 10 रू आज भी मोदी सरकार अपनी मुनाफाखोर वाली नीति के कारण जनता की जेब पर डाका डाल रही ।

Back to top button