पॉलिटिकलहेडलाइन

CG POLITICS – “जहां विष्णु हैं..वहां विजय है” MP के सीएम मोहन यादव ने की साय की तारीफ, बोले, छत्तीसगढ़ में कांग्रेसी कोयला,गोबर,रेत के साथ आदमी का इमान और कांग्रेस को भी खा गये !

कवर्धा 6 अप्रैल 2024। छत्तीसगढ़ में गर्मी के साथ ही राजनीतिक तापमान बढ़ने लगा है। सूबे की हाईप्रोफाइल सीट बन चुकी राजनांदगांव लोकसभा सीट को जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं भाजपा के दिग्‍गज नेताओं ने आज राजनांदगांव लोकसभा सीट के कवर्धा से चुनाव प्रचार का शंंखनाद किया। इस मौके पर छत्‍तीसगढ़ के मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय के साथ मध्‍यप्रदेश के मुख्‍यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल पर हमला बोलते हुए कहा….छत्तीसगढ़ मे कांग्रेस की सरकार में नेता कोयला खा गये,गोबर,रेत,आदमी का इमान और आम जनता का चावल तक खा गये। अब यही लोग कांग्रेस को भी खा गये है।

देश में आम चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गयी है। छत्तीसगढ़ की सत्ता गवाने के बाद एक बार फिर कांग्रेस पार्टी में व्याप्त अंतर्कलह से उबरती नजर नही आ रही है। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी लगतार सूबे की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के साथ ही कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को लगातार घेरती नजर आ रही है। मौजूदा वक्त में छत्तीसगढ़ की हाई प्रोफाइल सीट राजनांदगांव से बीजेपी के सांसद संतोष पांडेय को टक्कर देने के लिए कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इस सीट से मैदान में उतारा है। यहीं वजह है कि इस सीट पर कांग्रेस और बीजेपी के साथ ही पूरे प्रदेश की नजर है। शनिवार को बीजेपी ने राजनांदगांव लोकसभा के कवर्धा से चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुखिया विष्णुदेव साय के साथ मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव, उप मुख्‍यमंत्री अरुण साव, डिप्‍टी सीएम विजय शर्मा ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम साय ने आमसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुये कहा कि लोकसभा मे जब हमारे 2 सांसद हुआ करते थे, तब कांग्रेसी हमारा मजाक उड़ाया करते थे। लेकिन आज परिणाम आप सबके सामने है। आज कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है।
कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है। सीएम साय ने कहा कि तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। इसके लिए सीएम ने बीजेपी प्रत्याशी संतोष पांडे के पक्ष में आम लोगों से वोट देने की अपील की। भाषण के दौरान सीएम साय ने पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होने कहा कि पूर्व मंत्री के कार्यकाल में हिन्दू धर्म का अपमान हुआ था। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को जेल मे रहना पड़ा। कांग्रेस ने 5 साल मे छत्तीसगढ़ को अपराध का गढ़ बना कर रख दिया था। शराब,गोबर,चावल मे घोटाला कर अपना खजाना भरने का काम पूर्व सीएम और उनके मंत्रियों ने किया। यहीं वजह है कि आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर एफआईआर दर्ज है। सीएम ने कहा कि प्रदेश में जुआ खिलाने वाले को कांग्रेस पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है।

इसको ऐसा हराओ कि दोबारा राजनांदगांव तरफ आंख उठा के ना देख सके।वहीं कवर्धा पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अपने भाषण में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होने कहा कि घर मे अगर साप पाले है, तो नींद कहा से आयेगी, घर में गाय पालो। उन्होने कहा कि आज कांग्रेस जड़ से साफ हो गई, पहले बड़ी बड़ी बात करते थे। मध्यप्रदेश मे 13 महीने मे कांग्रेस की सरकार गिर गयी थी। यहीं हाल राजस्थान का रहा वहां तो अपने आप गिर पड़े। छत्तीसगढ़ मे कोयला खा गये,गोबर,रेत,आदमी का इमान और चावल खाने के बाद अब कांग्रेस को भी खा गये है। सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि भगवा ने देश का सम्मान बढ़ाया है। कई आक्रांता आये लेकिन भगवा का कुछ नही बिगाड़ सके। 500 सौ साल के संघर्ष के बाद अयोध्या मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान राम का मंदिर बना दिये। भगवा का अपमान अगर हिन्दुस्तान मे हो जाये ये बर्दाश्त नही किया जायेगा।

Back to top button