बिग ब्रेकिंग

CG- बारिश : इन जिलों में बारिश की चेतावनी….कुछ इलाकों में ओले भी गिरेंगे… मौसम विभाग ने क्या कहा पढ़िये

रायपुर 28 फरवरी 2022। छत्तीसगढ़ में फिर मौसम बदलने वाला है। ठंड के बाद अब मौसम धीरे-धीरे गर्म हो रहा है, लेकिन इसी बीच छत्तीसगढ़ में फिर से बारिश की संभावना बन गयी है। आज प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। रविवार को पेंड्रा, अंबिकापुर और कोरबा के कुछ हिस्सों में बारिश हुई है। वहीं पेंड्रा और अंबिकापुर में ओले भी गिरे हैं। अब छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश की संभावना जतायी गयी है। इनमें से कुछ जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, आज मध्य क्षेत्र के ऊपर बरसने वाले बादल छाए हुए हैं। संभावना है कि रायगढ़, जांजगीर-चांपा, महासमुंद, बिलासपुर, राजनांदगांव, कवर्धा, बेमेतरा और बलौदा बाजार जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बरसात हो जाए। एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग ने बताया है, अभी पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के ऊपर पछुवा हवाओं के बीच एक ट्रफ बना हुआ है। इस बीच अंडमान सागर के पास एक चक्रवाती घेरा सक्रिय है। इसके प्रभाव से मध्य-पूर्व बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र बन सकता है। इसी बीच दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावी होने की संभावना बढ़ गई है। इस विक्षोभ के प्रभाव से 3 मार्च को भी प्रदेश में बरसात हो सकती है।

Back to top button