पॉलिटिकलहेडलाइन

ब्रेकिंग: CM विष्णुदेव साय पहुंचे मंत्रालय, दो बड़े फैसलों को लेकर अधिकारियों को दे सकते हैं निर्देश, चीफ सिकरेट्री ने किया स्वाग्त

रायपुर 13 दिसंबर 2023। छत्तीसगढ़ के नये मुख्यमंत्री शपथ के बाद सीधे मंत्रालय पहुंचे हैं। मंत्रालय में उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि अब से कुछ देर बाद शार्ट कैबिनेट हो सकती है, जिसमें आवास और धान के बोनस को लेकर बड़ा फैसला सरकार ले सकती है। इससे पहले मंत्रालय में चीफ सिकरेट्री अमिताभ जैन ने नये मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरूण साव और विजय शर्मा का स्वागत किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शपथ ग्रहण के उपरांत नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व पूजा अर्चना की। आज मुख्यमंत्री आवास योजना, धान का बोनस और महतारी वंधन योजना को लेकर अधिकारियों को निर्देश दे सकते हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री श्री रामदास अठावले, राज्यसभा सांसद जे.पी. नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा विशेष रूप से मौजूद थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव, विजय शर्मा ने ईश्वर के नाम से पद एवं गोपनीयता की शपथ हिन्दी में ली।

राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने इस मौके पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री के रूप में श्री अरूण साव एवं श्री विजय शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एवं श्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व सांसद श्री ओम माथुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने किया।

Back to top button