पॉलिटिकलहेडलाइन

कांग्रेस की गांधीगिरी भाजपा को नहीं आयी रास : कांग्रेस का चैलेंज स्वीकार कर डोंगरगढ़ से पहुंची भाजपा की चुनौती पदयात्रा…तो PCC चीफ के बंगले पर हुआ जूस, फल से स्वागत… लेकिन, फिर भी हुआ हंगामा, जानिये क्यों

रायपुर 26 सितंबर 2022। पदयात्रा पर राजनीति छत्तीसगढ़ में शुरू हो गयी है। पिछले दिनों कोंडागांव में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में चलने का आमंत्रण दिया था। कांग्रेस ने भाजपा पर तंज कसा था कि भाजपायी पदयात्रा नहीं कर सकते, वो सिर्फ आराम कर सकते हैं। भाजपा ने इसे चैलेंज मान लिया और नवरात्र के पहले दिन राजनांदगांव से पदयात्रा करते हुए रायपुर पहुंचे। इस पदयात्रा का नाम चुनौती पदयात्रा रखा गया था।

भाजपा कार्यकर्ता डोंगरगढ़ से चलते हुए पीसीसी चीफ मोहन मरकाम के बंगले में जाकर ज्ञापन देना चाहते थे। भाजपा कार्यकर्ता कर रहे थे कि वो पीसीसी चीफ की चुनौती को स्वीकार करते हुए डोंगरगढ़ से पदयात्रा करते हुए रायपुर पहुंचे हैं, वो पीसीसी प्रमुख को बताना चाहते हैं कि वो भी पदयात्रा करते हैं और सिर्फ दिखावे के लिए पदयात्रा नहीं करते। हालांकि पुलिस ने सभी पदयात्रा कर रायपुर आये भाजपाईयों को रोक लिया।

इधर, कांग्रेस ने गांधीगिरी दिखाते हुए पीसीसी चीफ के बंगले में जूस, फल और पानी का इंतजाम पदयात्रियों के लिए किया। जैसे ही भाजपा के कार्यकर्ता पीसीसी चीफ के बंगले में पहुंचे तो उन्हें फल और जूस दिया गया। लेकिन कुछ ही पलों में माहौल हंगामेदार हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ये गांधीगिरी पसंद नहीं आयी।दोनों पक्षों में नारेबाजी और तू-तू मैं-मै शुरू हो गयी। भाजपा कार्यकर्ता पीसीसी चीफ के नहीं मिलने से नाराज हो गये। मौके पर काफी पुलिस टीम मौजूद थी, जिसके बाद दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि भाजपा सिर्फ राजनीति के लिए पदयात्रा कर रही थी, आज भी वो इसी मकसद से आये थे कि पीसीसी चीफ के बंगले पर आकर हंगामा करेंगे, लेकिन जब हमने उनका स्वागत किया, फल और जूस पिलाया तो उन्हे ये पसंद नहीं आया। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि वो पहले ही पीसीसी चीफ को सूचना दे चुके थे कि पदयात्रा की चुनौती उन्हें स्वीकार है और वो उन्हें उनके बंगले में पदयात्रा करते हुए मिलेंगे। लेकिन, ना तो वो बंगले में हैं और ना ही उनका कोई स्टाफ, कांग्रेस इसे लेकर जबरदस्ती तूल दे रही है।

Back to top button