स्पोर्ट्स

Hockey World Cup 2023: भारत ने की विश्व कप में विजयी शुरुआत, स्पेन को दी 2-0 से मात….

ओडिसा 13 जनवरी 2023: भारतीय टीम ने हॉकी वर्ल्ड कप 2023 में अपने अभियान का धमाकेदार आगाज किया है। शनिवार (13 जनवरी) को बिरसा मुंडा स्टेडियम में हुए मुकाबले में टीम इंडिया ने स्पेन को 2-0 से मात दी। भारतीय टीम की जीत में अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह का अहम रोल रहा, जिन्होंने अपनी टीम के लिए एक-एक गोल दागा। भारतीय टीम अपने अगले मैच में 15 जनवरी को इंग्लैंड का सामना करेगी।

भारतीय हॉकी टीम ने बिरसा मुंडा स्टेडियम में हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 में विजयी आगाज किया है। टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करते हुए भारत ने स्पेन को 2-0 से हरा दिया। भारत की तरफ से अमित रोहिदास और हार्दिक ने गोल दागे।

स्पेन ने पहले हाफ के शुरुआती मिनट में भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की। भारत को 12वें मिनट में एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम इंडिया इस मौके को भुना नहीं सकी। इसके ठीक बाद भारत को 13वें मिनट में दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर मिला। इस मौके को फायदा अमित रोहिदास ने उठाया और भारत के लिए पहला गोल किया। एक ड्रैग फ्लिक रिपीट करते हुए अमित रोहिदास ने पूरा दम लगाकर गेंद को गोल पोस्ट के अंदर पहुंचाया। पहले क्वार्टर के बाद भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली थी।

दूसरे क्वार्टर का खेल शुरू होते ही भारत ने आक्रामक खेल दिखाया। भारतीय खिलाड़ी ज्यादा से ज्यादा गेंद अपने पास रख रहे थे। भारत के लिए दूसरा गोल 27वें मिनट में आया। जब भारत के मिड फील्डर हार्दिक ने तेजी से स्पेनिश खेमें की तरफ गेंद को धकेला। स्पेनिश डिफेंडर के पैर से गेंद टकराकर गेंद गोल पोस्ट में चली गई। इस गोल के बाद भारत ने पहले हाफ तक 2-0 की बढ़त बना ली।

दूसरे हाफ में भारत और स्पेन को कई मौके मिले, लेकिन कोई भी मौके का फायदा नहीं उठा सका। भारत के गोलकीपर और डिफेंडर्स ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। गोलकीपर पाठक ने दो गोल का बचाव किया।

Back to top button