बिग ब्रेकिंग

होली-दीवाली साथ-साथ : उधर मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन लागू करने की घोषणा की…..इधर, कर्मचारी-शिक्षक झूम उठे….कलेक्टरेट गार्डेन में होली-दीवाली साथ-साथ मनायी

रायपुर 9 मार्च 2022। छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों की चिर प्रतिक्षित मांग पूरी हो गयी है। आज विधानसभा में जैसे ही कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाली का ऐलान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया। छत्तीसगढ़ के लाखों कर्मचारियों की मानों खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से 2 लाख से ज्यादा कर्मचारियों को सीधा लाभ होगा। उनका भविष्य सुरक्षित होगा। मुख्यमंत्री के इस घोषणा के बाद कर्मचारियों ने जबरदस्त खुशी का इजहार किया।

रायपुर कलेक्टरेट गार्डेन में आज मुख्यमंत्री के बजट भाषण के लिए बड़ी सी स्क्रीन लगायी गयी थी। घोषणा होते ही कलेक्टरेट गार्डेन में आतिशबाजी शुरू हो गयी, वहीं कर्मचारियों को रंग गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया।

तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ से विजय झा, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के पदाधिकारी, सहायक शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा , सर्व शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक दुबे, संयुक्त शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केदार जैन सहित कई कर्मचारी संगठनों ने कलेक्टरेट गार्डन में जबरदस्त उत्साह दिखाया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद देते हुए कर्मचारी संगठनों ने कहा कि आज की घोषणा के बाद उन्हें नयी पेंशन योजना के अभिशाप से मुक्ति मिल गयी है, वहीं अब पुरानी पेंशन योजना लागू होने के बाद उनका भविष्य सुरक्षित हो गया है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की मुराद पूरी कर दी, इसके लिए मुख्यमत्री का कर्मचारी वर्ग हमेशा एहसानमंद रहेगा।

Back to top button