ब्यूरोक्रेट्स

कलेक्टरी का रिकॉर्ड : IAS डोमन सिंह संभालेंगे रिकार्ड सातवें जिले की कमान… कांकेर से सिर्फ 26 दिन में ही हो गयी थी विदाई….

रायपुर 28 जून 2022। IAS डोमन सिंह 5 महीने का छोटा सा टर्म पूरा कर अब राजनांदगांव की कमान संभालेंगे। डोमन सिंह के कार्यकाल का ये 7वां जिला होगा, जिसकी वो कमान संभालने वाले हैं। आज लिस्ट जारी होते ही डोमन सिंह के नाम सबसे ज्यादा जिलों में कलेक्टरी का नया रिकार्ड जुड़ गया।

2009 बैच के प्रमोटी आईएएस डोमन सिंह की पहली पोस्टिंग मुंगेली में हुई थी, मुंगेली में 11 महीने कप्तानी की थी। 12 अप्रैल 2018 से 7 फरवरी 2019 तक वो मुंगेली जिला के कलेक्टर रहे।

साल 2019 के फरवरी में उन्हें कांकेर का कलेक्टर बनाया गया था, लेकिन कांकेर में वो अपने कार्यकाल का एक महीना भी पूरा नहीं कर पाये और वो सिर्फ 26 दिन ही कलेक्टर रहकर वापस मंत्रालय लौट आये।

कुछ दिन मंत्रालय में रहने के बाद डोमन सिंह को एक बार फिर कलेक्टरी मिली। उन्हें इस बार कोरिया का जिम्मा मिला । कोरिया में वो 10 जून 2019 से 27 मई 2020 तक पूरे एक साल तक रहे।

कोरिया से डोमन सिंह को गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले का कलेक्टर बनाया गया है। वहां मई 2020 से वो जनवरी 2021 तक कलेक्टर रहे।

डोमन सिंह को गौरेला पेंड्रा मरवाही से महासमुंद का कलेक्टर बनाये गये। डोमन सिंह ने जनवरी 2021 में महासमुंद की कलेक्टरी संभाली।

14 जनवरी को 2022 को महासमुंद से डोमन सिंह को बलौदाबाजार का कलेक्टर बनाया गया था। बलौदाबाजार में 5 महीने की कलेक्टरी के बाद अब उन्हें राजनांदगांव की जिम्मेदारी दी गयी है।

छत्तीसगढ़ में डोमन सिंह सबसे ज्यादा कलेक्टरी की रिकार्ड बनायेंगे। हालांकि छत्तीसगढ़ ही नहीं देश की बात करें तो उनमें भी चुनिंदा ही होंगे, जिन्हें सात जिलों की कप्तानी का मौका मिला होगा। कलेक्टरी के मामले में डोमन सिंह ने छत्तीसगढ़ के प्रमोटी आईएएस की तो छोड़िये डायरेक्ट आईएएस अफसरों को भी पीछे छोड़ दिया है।

Back to top button