हेडलाइन

“प्रत्याशी नहीं मिल रहे, तो सोनिया, राहुल व प्रियंका को ही छत्तीसगढ़ में प्रत्याशी बना दें…” कांग्रेस पर BJP का कटाक्ष, मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री व वन मंत्री ने भी कांग्रेस को घेर

रायपुर 20 मार्च 2024। आज से बस्तर लोकसभा के लिए नॉमिनेशन शुरू हो गया है। लेकिन, बस्तर से लोकसभा का प्रत्याशी कौन होगा? उसका कोई अता पता नही है। इधर बस्तर सहित 5 लोकसभा के लिए प्रत्याशी घोषित नहीं किये जाने पर कांग्रेस पर भाजपा ने निशाना साधा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जहां इसे पार्टी का बिखराव माना है, तो वहीं मंत्री केदार कश्यप ने उम्मीदवार नहीं मिलने पर राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को छत्तीसगढ़ से प्रत्याशी करने की नसीहत दे दी है। बस्तर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस के प्रत्याशी के ऐलान नहीं होने पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि ..कांग्रेस में बिखराव है, वह डूबती नैया है जिसमें छेद हो गया है। पानी बढ़ रहा है, तो लोग नाव से कूद कर भाग रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता पीड़ित हैं, मंच पर कह रहे 5 साल सीएम से मिलने तरस गए।

वहीं बस्तर समेत 5 सीटों पर प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाने पर वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने कहा है कि कांग्रेस डूबती नाव है, सब कूदकर भागने विवश हैं। कांग्रेस के एक बड़े नेता तो चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे। कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें जबरदस्ती उतार दिया है। आधे जगह पर वे प्रत्याशी ही तय नहीं कर पा रहे हैं। मोदीजी की लहर नहीं सुनामी है, कांग्रेस पूरी तरह डूब चुकी है।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी चयन में देरी पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने तंज कसते हुए कांग्रेस को नसीहत दी है किछत्तीसगढ़ के कांग्रेसी नेताओं को प्रत्याशी नहीं मिल रहा है तो, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा को यहां से प्रत्याशी घोषित कर देना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने लोकसभा चुनावी समर का शंखनाद कर दिया है और कांग्रेस को प्रत्याशी ही नहीं मिल रहा है।

वहीं बस्तर संभाग में नामांकन को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पार्टी स्तर में बैठकों का दौर चल रहा है, लगातार पूर्व विधायक और प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई हैं, प्रथम चरण में कांग्रेस की पूरी तैयारी हैं।  लोकसभा स्तर पर हमारी बैठकें हो चुकी हैं।  प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट कल छग दौरे पर आ रहे हैं। कार्यकर्ता सम्मेलनों की हम शुरुआत करने जा रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह कमर कस चुके हैं।

 

 

Back to top button