टॉप स्टोरीज़

मां की अंत्येष्टि के ठीक बाद नई वंदे एक्सप्रेस भारत का उद्घाटन, PM मोदी ने बेटे और देश, दोनों का फर्ज किया पूरा….

नई दिल्ली 30 दिसंबर 2022: पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात दी है। मोदी ने वीडियो कांंफ्रेंसिंग के जरिए वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा पीएम ने बंगाल में 7800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी। वंदे भारत ट्रेन हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी रूट पर चलेगी। कार्यक्रम का आयोजन हावड़ा स्टेशन पर रखा गया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और रेल मंत्री भी रहे मौजूद रहे।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने भावुक स्वर में पीएम मोदी की मां के निधन पर शोक व्यक्त और कहा कि वह प्रार्थना करती हैं कि प्रधानमंत्री अपने कार्यों के माध्यम से अपनी माता को प्यार करते रहें। कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव, बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

पीएम मोदी ने इस अवसर पर राज्य में कुछ और रेल परियोजनाओं और कोलकाता मेट्रो लाइन के विस्तारित खंड का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। ममता बनर्जी ने कहा कि इनमें से कुछ परियोजनाएं उनका सपना रही हैं और उन्होंने अपने दो बार के रेल मंत्री कार्यकाल में इसका प्रस्ताव किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देश के ‘कर्तव्य पथ’ पर एक नई मिसाल पेश की। मां हीराबेन को खोने के बाद सुबह गांधीनगर में अंत्येष्टि कर उन्होंने बेटे का फर्ज पूरा किया, तो कुछ ही घंटे बाद गम का समंदर अंदर समेटे देश के लिए अपना फर्ज भी पूरा किया। उन्होंने पहले से तय समय पर पश्चिम बंगाल की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन पश्चिम बंगाल में हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलेगी। यह देश की सातवीं वंदे भारत ट्रेन है।

नई वंदे भारत ट्रेन में ऑटोमेटिक दरवाजे, एयर कंडीशनर कोच और घूमने वाली कुर्सी है। इस कुर्सी को 180 डिग्री तक घुमाया जा सकता है। यह ट्रेन अधिकतम 180 किमी की रफ्तार से चल सकती है। इसे सुरक्षा कवच से भी लैस किया गया है। ट्रेन में जीपीएस आधारित सूचना सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, वैक्यूम आधारित बायो शौचालय हैं। इसे कई हाईटेक तकनीक (Hi-Tech Technology) से लैस किया गया है। इसमें आपको सफर करने पर थकान बिल्कुल भी नहीं होगी।

अभी देश में छह वंदे भारत एक्सप्रेस चल रही हैं। पहली वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली और वाराणसी के बीच फरवरी, 2019 में चली थी। दूसरी वंदे भारत नई दिल्ली से माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच चलाई गई थी। तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस इसी साल मुंबई और अहमदाबाद के बीच शुरू की गई थी। चौथी वंदे भारत दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के ऊना के बीच चलाई गई थी। पांचवीं वंदे भारत ट्रेन को 11 नवंबर, 2022 को हरी झंडी दिखाई गई थी। यह मैसूर और चेन्नई के बीच चलती है। छठी वंदे भारत 11 दिसंबर को महाराष्ट्र के नागपुर से छत्तीगढ़ के बिलासपुर के बीच चलाई गई।

Back to top button