बिग ब्रेकिंग

राजधानी में महिला का मर्डर : हाथ-पांव बंधे थे, मुंह पर लगा दिया कातिलों ने टेप……इन तीन एंगल पर पुलिस जांच में जुटी ….शक के दायरे में करीबी लोग

रायपुर 20 अक्टूबर 2021। रायपुर में देर रात हत्या की एक खबर से सनसनी फैल गयी। महिला के हाथ-पैर को बांधकर गला घोंटा गया है। मामला रायपुर के टिकरापारा इलाके का है, जहां महिला घर में अकेले ही रहती थी। हालांकि पुलिस को हत्या के बाद अभी तक लूट का कोई साक्ष्य नहीं मिला है, लिहाजा हत्या की गुत्थी थोड़ी उलझी हुई लगती है। हालांकि शक संपत्ति विवाद पर भी जा रहा है।

दरअसल पुलिस को देर रात करीब साढ़े 10 बजे मृतिका के बेटे अजय यादव ने सूचना दी, कि उसकी मां दरवाजा नहीं खोल रही है। पुलिस टीम गेट के बाहर लगे ताले को तोड़वाकर अंदर पहुंची, तो महिला को मृत पाया। महिला के हाथ और पांव बंधे थे, वहीं मुह पर भी पट्टी लगा था। महिला का नाम शकुंतला यादव है। 55 वर्षीय महिला अपने दोनों बेटों से अलग सुदामानगर में रहती है। महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। बोरिया में रहने वाले अजय यादव ने जब महिला को देर रात फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया, जिसके बाद पड़ोसियों से बेटे ने बात की, लेकिन वहां से भी जानकारी नहीं मिली। घबराहट में अजय खुद ही टिकरापारा पहुंचा, तो देखा घर के बाहर ताला लगा है. जिसके बाद उसने पुलिस को फोन किया।

इन एंगल पर पुलिस कर रही है जांच

कमरे की स्थिति देखकर लग रहा है कि हत्या के पहले महिला ने बचाव की पूरी कोशिश की, हालांकि वारदात के बाद लूट के कोई प्रमाण नहीं मिला है। पुलिस की टीम अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक महिला ने घर का आधा हिस्सा किराया पर दे रखा है, पुलिस की टीम किरायेदारों से भी बात कर रही है। सूचना ये भी मिली है कि महिला के घर का रंगाई का काम चल रहा था, जिसमें कुछ युवक लगे हुए थे। पुलिस की टीम उन युवकों से भी पूछताछ करने की कोशिश में है। एक शक संपत्ति विवाद का भी है, कि महिला को अकेले देख संपत्ति हड़पने की नियत से तो किसी ने वारदात को अंजाम नहीं दिया। हत्या में एक से ज्यादा लोगों के होने का शक है।

Back to top button