बिग ब्रेकिंगहेडलाइन

10 जवानों की मौत के गुनाहगार नक्सली की मौत, शनिवार को हुआ था गिरफ्तार, हिरासत में बिगड़ी थी तबीयत

दंतेवाड़ा 28 जनवरी 2024। नक्सली की पुलिस हिरासत में मौत हो गयी। शनिवार को ही पुलिस ने नक्सली को गिरफ्तार किया था। जानकारी के मुताबिक हिरासत में ही नक्सली की तबीयत बिगड़ गयी, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। नक्सली का नाम पोदिया माड़वी (40) है, जो जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के पेड़का गांव का रहने वाला था।

जानकारी के मुताबिक वह अरनपुर IED ब्लास्ट की वारदात में शामिल था। इसमें एक वाहन चालक समेत 11 जवान शहीद हो गए थे। साल 2023 में TCOC के दौरान नक्सलियों ने अरनपुर में IED ब्लास्ट की थी। इस घटना में DRG जवानों से भरी एक वाहन को ब्लास्ट कर उड़ाया था। जिसमें 10 जवान और एक वाहन चालक शहीद हुए थे। साल 2023 की यह सबसे बड़ी नक्सल घटना थी।

पुलिस अफसरों का कहना है कि पोदिया माड़वी कौन सी बीमारी से जूझ रहा था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। उसकी मौत का कारण पोस्टमॉर्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। बताया जा रहा है कि उसकी मौत के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी है। तबीयत बिगड़ने के बाद नक्सली को जिला अस्पताल ले गए, जहां देर रात करीब 12.30 बजे उसने दम तोड़ दिया।

Back to top button