पॉलिटिकल

भाजपा बोली- मोदी सरकार कर रही किसानों को 4 गुना भुगतान, कांग्रेस बोली- किसान विरोधी नीति की पैरोकारी कर रहे बीजेपी अध्यक्ष

रायपुर 11 जून 2023। धान के समर्थन मूल्य को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरम है। भाजपा ने प्रेस कांफ्रेंस कर जहां मोदी सरकार के फैसले को सराहा है, तो वहीं कांग्रेस ने उसे ऊंट के मुंह में जीरा करार दिया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने कहा है कि धान के समर्थन मूल्य में 143 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि कर इसे अब 2.183 रुपया कर दिया गया है। मोदी सरकार द्वारा की गयी यह वृद्धि मनमोहन सरकार के कार्यकाल के 1310 रुपए की तुलना में करीब 67 प्रतिशत अधिक है। यहीं मूंग दाल के समर्थन मूल्य में 803 रुपए, मूंगफली में 527 रुपए, मोटे अनाज ज्यार में 210, बाजरा में 150, रागी में 268 रुपए, मक्का में 128 रुपए, अरहर दाल में 400 रुपए, उड़द दाल में 350 रुपए, सोयाबीन में 300 रुपए की वृद्धि की गई है। छत्तीसगढ़ के किसानों को धान के बढ़े समर्थन मूल्य का लाभ तो मिलेगा ही, साथ ही मोटे अनाज की कीमतों में भारी वृद्धि कर भी प्रदेश के किसानों के हित में कल्याणकारी कदम उठाया गया है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ के धान उत्पादक किसानों के साथ मोदी सरकार लगातार धोखेबाजी कर रही है। यूपीए सरकार के 10 सालों में धान के समर्थन मूल्य में 142.85 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की गयी थी। जब मनमोहन सरकार बनी तब धान का समर्थन मूल्य 560 रू. था, मनमोहन सिंह की कांग्रेस सरकार में धान का समर्थन मूल्य बढ़कर 1360 रू. हो गया था। मोदी सरकार के 10वें साल में धान का मूल्य अब जाकर 2183 रू.घोषित हुआ है जो यूपीए सरकार में मिलने वाली कीमत में मात्र 60.5 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी है।
मोदी ने 2014 के चुनाव के पहले वायदा किया था 2022 तक किसानों की आय दुगुनी की जायेगी तथा कृषि उपज के लागत मूल्य का ज्यादा समर्थन मूल्य घोषित किया जायेगा लेकिन स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशो को मानने का भरोसा दिलाने वाले मोदी ने हर साल किसानों से धोखा किया। मोदी और भाजपा किसान से दो बड़े वादे कर सत्ता में आए। पहला वादा था, किसान के समर्थन मूल्य की लागत+50 प्रतिशत मुनाफा पर निर्धारित करना। दूसरा वादा था कि इस मूल्य निर्धारण के फॉमूले से साल 2022 तक देश के 62 करोड़ किसान की आय दोगुनी हो जाना।

अरूण साव ने गिनायी मोदी सरकार की कामयाबी

अरूण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने हमेशा किसानों की वित्तीय स्थिति मं सुधार पर ध्यान केंद्रित किया है। मोदी जी की सरकार ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, राष्ट्रीय खाय सुरक्षा मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी कई योजनाएं प्रारम्भ की जिससे किसानों को उनकी मेहनत और परिश्रम का उचित मूल्य प्राप्त हो और देश का किसान और सशक्त बने।भाजपा सरकार ने न सिर्फ एम.एस.पी. बढ़ाई बल्कि जन धन खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के साथ यह भी सुनिश्चित किया की बढ़ी हुई एम.एस.पी का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे मोदी जी ने यह सुनिश्चित किया है कि किसानों का एक-एक पैसा उन तक पहुंचे।श्री साव ने कहा एनडीए सरकार ने एम. एस. पी के अंतर्गत हमारे किसानों की धान उपज लागत पर मार्जिन डेढ़ गुना बढ़ा दिया है। मोदी सरकार ने पिछले 9 वर्षों में एम.एस.पी में 873 रुपये की वृद्धि की है। भाजपा सरकार द्वारा की गयी मौजूदा एम.एस.पी बढ़ोतरी ने भारतीय किसानों को सुरक्षा कवच प्रदान करते हुए उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार किया है। मोदी जी की सरकार में देश का कृषि बजट 5 गुना बढ़ कर 1.25 लाख करोड़ हुआ। आज देश में रिकॉर्ड 320 मिलियन टन अनाज उत्पादन हो रहा है। समर्थन मूल्य पर कृषि उत्पाद खरीदी का भी रिकॉर्ड देश ने बनाया है।

Back to top button