मनोरंजन

अश्लील टिप्पणी को लेकर स्वरा भास्कर ने दर्ज कराई FIR, फिल्म से जुड़ा है मामला…

नई दिल्ली 10 अक्टूबर 2021। अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने यूट्यूबर एल्विस यादव के खिलाफ दिल्ली पुलिस के समक्ष FIR दर्ज करवाते हुए उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एल्विस यादव ने उनकी एक फिल्म के दृश्य को लेकर उनके खिलाफ आपत्तिजनक हैशटैग ट्रेंड कराए। FIR में IPC की धारा-354D (पीछा करना) और धारा-509 (इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से यौन उत्पीड़न) जैसे आरोप हैं।

इसके अलावा IT एक्ट की धारा-67 (आपत्तिजनक सामग्रियों के जरिए किसी को ऑनलाइन प्रताड़ित करना) भी जोड़ी गई है। बता दें कि स्वरा भास्कर ने एक ट्रेंड को आपत्तिजनक बताया था, जिसमें उनका भी नाम था। एल्विस यादव सहित अन्य लोगों द्वारा चलाए जा रहे उस ट्रेंड के बारे में उन्होंने कहा था कि ये ‘साइबर यौन शोषण’ है। उन्होंने कहा था कि उनकी तरह कई महिलाओं को ये रोज झेलना होता है।

हाल ही में एक निजी चैनल को दिए गए इंटरव्यू में स्वरा भास्कर ने दावा किया था कि इंटरनेट पर अगर कोई बॉलीवुड हस्ती सबसे ज्यादा घृणा का शिकार होती है तो वो वही हैं। उन्होंने अपने खिलाफ नफरत फैलाए जाने का आरोप लगाते हुए ट्रोलिंग पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि ऑनलाइन हेटर्स उन्हें निशाना बना कर अभियान चलाते हैं। उन्होंने कहा, “ट्रोलर्स चाहते हैं कि मैं सोशल मीडिया पर डर कर रहूँ।”

 

Back to top button