हेडलाइन

रायगढ़ डकैती अपडेट : पुलिस ने 5 डकैतों को नगदी और गोल्ड के साथ किया अरेस्ट, ट्रक से झारखंड भागने की फिराक में थे बदमाश

रायपुर 20 सितंबर 2023। रायगढ़ एक्सिस बैंक में हुए करोड़ों रूपयें की डकैती के मामले में पुलिस को 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता मिली है। बलरामपुर पुलिस ने वारदात में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 4 करोड़ रूपये और गोल्ड बरामद किये है। बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक में पैसे और सोना रखकर झारखंड भागने की फिराक में थे। लेकिन पुलिस की कड़ी जांच में इस वारदात में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है,जबकि 5 अन्य आरोपी अब भी फरार बताये जा रहे है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही रायगढ़ जिला में शातिर बदमाशों ने बंदूक की नोक पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने बैंक स्टाफ को बंधक बनाकर बैंक के लाॅकर से करीब 5 करोड़ 62 लाख रूपये की डकैती की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये थे। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर बदमाशों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। आईजी अजय यादव ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए बिलासपुर सहित सरगुजा संभाग पुलिस को सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी नजर रखने का आदेश दिया गया था। बताया जा रहा है कि पुलिस की जांच में डकैती कांड के दौरान एक सस्पेक्टेड क्रेटा कार को देखा गया था।

पुलिस इस क्रेटा कार के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ का प्रयास कर रही थी। इसी बीच बलरामपुर जिला में इस कार के देखे जाने की बात सामने आयी। जिसके बाद एसपी लाल उमेंद सिंह के निर्देश पर रामानुजगंज से क्रेटा कार के साथ 2 आरोपियांे को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से सख्ती से पूछताछ के बाद बांकी के आरोपियों के ट्रक से झारखंड भागने की जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर देर रात पैसे और सोना के साथ ट्रक में भाग रहे बाकी के तीन आरोपियों को अरेस्ट किया है। बलरामपुर पुलिस के इस एक्शन के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक हथियार और करीब 4 करोड़ रूपये नगद और गोल्ड बरामद कर जब्त किया है।

बलरामपुर पुलिस की यह बड़ी कार्यवाही है। वहीं पुलिस की इस सफलता के बाद आज रायगढ़ पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी। बताया जा रहा है कि डकैती की इस वारदात में गिरफ्तार 5 आरोपियों के अलावा अन्य 4 से 5 आरोपी भी शामिल थे, जो कि घटना के बाद अलग रूट से फरार हो गये। पुलिस सभी आरोपियों की जानकारी जुटाकर उनकी धरपकड़ का प्रयास कर रही है। पुलिस के हाथ लगे आरोपी झारखंड और बिहार के बताये जा रहे है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू संसदीय सचिव गृह विकास उपाध्याय पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा बिलासपुर के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने पुलिस टीम की इस उपलब्धि पर बधाई दी है।

Back to top button