पॉलिटिकलहेडलाइन

राज्योत्सव स्थल पर होगा कांग्रेस का अधिवेशन… रिजार्ट में होगी राहुल, सोनिया व प्रियंका गांधी की ठहरने की व्यवस्था… बाकी नेताओं के लिए बनेगी टेंट सिटी …. चल रही है तैयारी

रायपुर 18 दिसंबर 2022। कांग्रेस का 85 वां राष्ट्रीय महाधिवेशन नया रायपुर के राज्योत्सव स्थल पर हो सकता है। यह आयोजन 2 से 3 दिनों का होगा, जिसमें 10,000 से अधिक कांग्रेस के दिग्गज नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार की दोपहर स्थल देखने पहुंचे थे। स्थल निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्योत्सव सभा स्थल को अधिवेशन के लिए मुफीद कहा था। अधिकारी के मुताबिक राज्योत्सव स्थल पर ही अधिवेशन होगा, क्योंकि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे वीवीआइपी के ठहरने के लिए एक रिसॉर्ट भी समीप में ही है, लिहाजा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चाक-चौबंद इंतजाम करने की आवश्यकता नहीं होगी।

शेष नेताओं के लिए नवा रायपुर में टेंट सिटी बनाई जाएगी, इसमें अधिवेशन में देशभर के 10,000 नेता कार्यकर्ता शामिल होंगे। यह पहला मौका होगा जब छत्तीसगढ़ इतने बड़े राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। लिहाजा, छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने इस आयोजन के मद्देनजर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। राष्ट्रीय अधिवेशन छत्तीसगढ़ के राजनीतिक काफी ज्यादा मायने रखता है। क्योंकि, अगले साल ही छत्तीसगढ़ में विधानसभा का चुनाव होना है।

माना जा रहा है कि अधिवेशन के जरिए कांग्रेस चुनावी शंखनाद करेगी बल्कि कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कवायद होगी। बैठक के दौरान चुनावी रणनीति पर चर्चा होनी है। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भी कांग्रेस पार्टी को तैयार करेगी। जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय अधिवेशन में दो मुख्यमंत्री, डेढ़ दर्जन राज्यों के नेता प्रतिपक्ष और सभी 29 राज्यों के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और महामंत्री आईसीसी के डेलिगेट्स, युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष, सभी सांसद विधायक भी छत्तीसगढ़ आएंगे।

अधिवेशन स्थल के मंच को तीन हिस्सों में बांटा गया है, पहले मंच में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन, 2 राज्यों के मुख्यमंत्री सहित राष्ट्रीय पदाधिकारी और लोकसभा राज्यसभा के नेता विपक्ष मौजूद रहेंगे। वहीं दूसरे मंच पर सभी पीसीसी अध्यक्ष, महामंत्री, कांग्रेस के अन्य विभागों के राष्ट्रीय अध्यक्ष तीसरे मंच पर सभी सांसद विधायकों के लिए बैठक की व्यवस्था होगी।

Back to top button