हेडलाइन

स्कूल ब्रेकिंग : स्कूल सफाई कर्मचारियों की हड़ताल हुई खत्म….शिक्षा सचिव के साथ हुई तीसरे दौर की वार्ता के बाद लिया फैसला….इन मांगों को मानने को तैयार है…..संघ के संरक्षक केदार जैन बोले….

रायपुर 3 अगस्त 2022। ….करीब छह महीने से चली आ रही स्कूल सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गयी। आज शिक्षा सचिव एस भारतीदासन के साथ सफाई कर्मचारियों की तीसरे दौर की वार्ता हुई। इससे पहले दो दौर की वार्ता जीएडी सचिव डा कमलप्रीत के साथ हुई थी, लेकिन उनकी मांगों का कोई सार्थक समाधान नहीं निकल पाया था। तीसरे दौर की वार्ता शिक्षा सचिव के साथ करीब दो घंटे तक चली, जिसमें अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी बातों को रखा।

मांगों को सुनने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव ने हड़ताली संगठन को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को लेकर सरकार को प्रस्ताव भेजा जायेगा, वहीं हड़ताल अवधि का वेतन भी दिया जायेगा। जिसके बाद मांगों पर सहमति बनने पर आज स्कूल सफाई कर्मचारी संघ ने अपनी हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया। इससे पहले आज स्कूल सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल की बैठक शिक्षा सचिव के साथ मंत्रालय में हुई।

सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधि के तौर पर राजेंद्र कुमार साहू, धनीराम टांडिया, रोहित महला, आनंद गुप्ता, गणेश बघेल और पुरूषोत्तम साहू मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल को शिक्षा सचिव ने आश्वस्त किया कि 15 दिन के भीतर उनकी मांगों को सरकार के पास विचार के लिए प्रस्ताव भेजा जायेगा। अभी स्कूल सफाई कर्मचारी अंशकालीक कर्मी के तौर पर काम कर रहे हैं, हड़ताल के दौरान इन कर्मचारियों की मांग थी कि उन्हें पूर्णकालिक किया जाये और कलेक्टरेट दर पर मानदेय का भुगतान किया जाये। जिसपर शिक्षा सचिव ने आश्वस्त किया है कि उनकी कलेक्टरेट दर पर मानदेय के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जायेगा। वहीं 7 मार्च से अभी का पूरा छह महीने का वेतन भी कर्मचारियों को दिया जायेगा।

इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने बताया कि वो स्कूल में अंशकालीन कर्मी के तौर पर जरूर काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें स्कूलों में 6 से 7 घंटे तक काम करना होता है। वो स्कूल में चपरासी के तौर पर काम कर ते हैं, वहीं उन्हें हमेशा नौकरी से हटाने का भी खतरा बना रहता है। मांग को सुनने के बाद शिक्षा सचिव ने आश्वस्त किया कि उनकी मांगों का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के पास भेजा जायेगा, जिसके बाद मुख्यमंत्री इसकी घोषणा करेंगे।

सफाई कर्मचारी संघ के संरक्षक व संयुक्त शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष केदार जैन ने शिक्षा विभाग की पहल पर खुशी जतायी है। उन्होंने NW न्यूज से बात करते हुए कहा कि ….

अच्छी बात है कि स्कूल सफाई कर्मचारियों की मांग की दिशा में सार्थक पहल हुई है, सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल को स्थगित कर दिया है। बतौर संरक्षक हमने उनकी मांगों को लेकर काफी कोशिशें की थी। मैंने खनिज निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन और संसदीय सचिव चंद्रदेव राय से भी सफाई कर्मचारियों की मुलाकात कराकर मांगों पर विचार करने का अनुरोध किया था। शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव आलोक शुक्ला से भी अनुरोध किया था, अच्छी बात है कि 6 महीने बाद ही सही, सरकार ने उनकी सुध ली है। स्कूल सफाई कर्मचारियों के हड़ताल की वजह से सफाई व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गयी थी, अब कल से सभी अपने अपने स्कूलों में लौटेंगे, तो व्यवस्था पटरी पर आ जायेगी।

आपको बता दें कि प्रदेश के सफाई कर्मचारी 7 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे, जिसकी वजह से स्कूलों में साफ सफाई का काम बुरी तरह से प्रभावित हुआ था। शिक्षकों को खुद ही स्कूलों की साफ सफाई करनी पड़ रही थी, पिछले दिनों तो एक शिक्षिका के उपर सांप गिर गया , जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था।

वहीं स्कूल सफाई कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष राजेंद्र कुमार साहू और उप प्रांताध्यक्ष धनीराम टांडिया ने कहा है कि …

सरकार की तरफ से पहल की गयी है, हमलोग उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार ने जो 15 दिन का समय सीमा दिया है, उसके अंदर हमारी मांगों का निराकरण हो जायेगा। हमारे साथी मांगो को लेकर काफी दिनों से संघर्ष कर रहे थे, सरकार का धन्यवाद कि उन्होंने हमारी मांगों पर गंभीरता दिखायी

Back to top button