हेडलाइन

तस्वीरों में देखिये CM विष्णुदेव साय के शपथ ग्रहण कार्यक्रम स्थल का नजारा और लोगों का उत्साह

रायपुर 13 दिसंबर 2023। नये मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अब से कुछ देर बाद शपथ लेने वाले हैं। शपथ ग्रहण की तैयारी पूरी हो गयी है। मेहमानों का भी पहुंचना शुरू हो गया है। प्रदेश भर से लोग रायपुर पहुंचे हैं। पहले आदिवासी नेता को बधाई देने के लिए समारोह स्थल पर तरह-तरह के कटवेज के साथ भी लोग पहुंचे हुए हैं। शाम करीब 4 बजे नये मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण होगा।

शपथ ग्रहण समारोह के पूर्व मुख्यमंत्री अपनी माता का आशीर्वाद लेने अपने पुरेना स्थित निवास स्थान पहुंचे। वहां उन्होंने अपनी माता जसमनी देवी का आशीर्वाद लिया। अपने बेटे की सफलता से भावुक हुई माँ ने उन्हें अपने गले लगा लिया और आशीर्वाद दिया। फिर वे परिवार के अन्य सदस्यों से भी मिल रहे हैं।

इधर, शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा और गोवा के सीएम प्रमोद सावंत सहित अन्य मेहमान रायपुर पहुंच गये हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के अवंती विहार एटीएम चौक स्थित भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया

शपथ ग्रहण समारोह को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से पूरा कार्यक्रम स्थल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बड़े बड़े कट-आउट के साथ सजाया गया है। दूर दराज से पहुंच रहे आम नागरिक इन कट-आउट के साथ सेल्फी एवं फोटो खिंचाते दिख रहे है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उनके मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह को लेकर लोगों में अभूतपूर्व उत्साह झलक रहा है। राज्य के सभी जिले से लोग पहुंच रहे हैं लोगों ने बताया कि प्रदेश को पहला आदिवासी मुख्यमंत्री मिला है । इस गरिमामय में शपथ ग्रहण समारोह में हम साक्षी बनने आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जो गारंटी दी है उसके लिए उनका आभार व्यक्त करना चाहते हैं ।

चिरमिरी से पहुंचे श्री अमरनाथ ने बताया कि वे कल रात से ही शपथ ग्रहण समारोह के लिए अपने साथियों के साथ निकल गए थे। आज सुबह पहुंचे हैं। साथ ही अन्य जिले के कोने-कोने से पहुंचे लोगों ने कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि राज्य के विकास में अब और तेजी आएगी। मरवाही से पहुंचे उत्तम सिंह श्याम और चेतन सिंह ने कहा कि आज एक आदिवासी मुख्यमंत्री शपथ लेने जा रहे हैं। ये हमारे लिए गौरव का पल है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के दायित्व के लिए शपथ लेने से पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने घर में स्थित पूजा घर में देवी देवताओं के दर्शन किये और पूजा में हिस्सा लिया। साथ ही उन्होंने अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी का आशीर्वाद भी लिया।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने से पूर्व अपने रायपुर स्थित निवास में देवी-देवताओं की पूजा की। मुख्यमंत्री ने अपने परिजनों के साथ पूजा में हिस्सा लिया। उनके साथ पूजा में उनकी धर्मपत्नी कौशल्या देवी ने भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने नवग्रह पूजा के साथ ही अनुष्ठान भी किया। इसके बाद स्वस्तिवाचन हुआ।

Back to top button