बिग ब्रेकिंग

शर्मनाक : पढ़ाई छोड़वाकर छात्रों को मजदूरों की भांति धान कटाई में लगवाया…..वायरल वीडियो पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन… तत्काल प्रभाव से किया सस्पेंड

दंतेवाड़ा 30 नवंबर 2021। दंतेवाड़ा के कुआकोंडा ब्लाक से एक शर्मनाक खबर है। यहां छात्रों से पढ़ाई के बजाय मजदूरों की भांति धान कटाई करायी जा रही है। खेतों में धान कटाई करते बच्चों की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुई, हड़कंप मच गया। इधर कलेक्टर दीपक सोनी ने भी इस प्रकरण पर तुरंत एक्शन लेते हुए वार्डन को सस्पेंड कर दिया है। हैरानी की बात ये है कि बच्चों से मजदूरी कराने वाला कोई और नहीं बल्कि खुद आश्रम अधीक्षक हैं, जो बच्चों को लेकर पहले तो अपने गांव गया और फिर वहां कई दिनों तक बच्चों से धान की कटाई करवायी।

 

मामला दंतेवाड़ा के कुंआकोंडा ब्लाक के पोटाली आश्रम शाला की है। जानकारी के मुताबिक दंतेवाड़ा के पालनार में संचालित पोटाली बालक आश्रम के अधीक्षक अपने साथ बच्चों को समेली गांव ले गये और फिर उन्हें खेतों में धान कटाई के काम में लगवा दिया। जानकारी के मुताबिक बच्चों से कई दिनों तक धान की कटाई करायी गयी। इस दौरान बच्चे पढ़ाई छोड़ मजदूरों की भांति काम करते रहे।

 

पालनार के पोटाली आश्रम अधीक्षक लिंगा मरकाम की पत्नी जिला पंचायत सदस्य है। सोशल मीडिया में वायरल हुई तस्वीर के आधार पर कलेक्टर दीपक सोनी ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिये और वार्डन को सस्पेंड कर दिया गया। वहीं धान कटवाने वाले आधीक्षक लिंगा राम पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं। इस मामले में विधायक देवती कर्मा ने भी नाराजगी जतायी है।

Back to top button